दो अक्टूबर से ग्राम सभा बैठक, गांवों के विकास की होगी योजना
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत कार्ययोजना तैयार
जीपीडीपी पोर्टल पर विवरण अपलोड करने का निर्देश
चंदौली जिले के ग्राम पंचायत विकास को गति देने के लिए दो अक्टूबर से ग्राम सभा की बैठकें आयोजित की जाएंगी। यह निर्णय कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर. जगत सांई की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय क्रियान्वयन व अनुश्रवण समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य योजना तैयार की जाएगी और संबंधित विवरण जीपीडीपी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
आपको बता दें कि दो अक्टूबर को बाल सभा का आयोजन कर बच्चों के हित से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद चार अक्टूबर को मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला सभाओं का आयोजन किया जाएगा। बैठक में नौ प्रमुख थीमों के अनुसार ग्राम स्तर पर विकास गतिविधियों की रूपरेखा तय होगी।
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत सांई ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्व ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएं और योजना के माध्यम से आम जनता को सीधे लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा बैठकें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे योजनाओं में शामिल करने का अवसर प्रदान करेंगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर, पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, बीएसए सचिन कुमार, बीडीओ समिति के सदस्य सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने ग्राम विकास की दिशा में सटीक योजना बनाने और उसे समय पर क्रियान्वित करने का संकल्प लिया।