ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारी इसलिए कर रहे हैं ऑनलाइन हाजिरी का विरोध

ऑनलाइन हजारी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि ब्लॉक मुख्यालय पर आकर आनलाइन हाजिरी लगाकर फिर दूर दराज के गांवों में जाना दुरूह कार्य है।
 

ऑनलाइन हाजिरी  के खिलाफ प्रदर्शन


विरोध में सचिवों ने काली पट्टी बांधकर जताया रोष


शहाबगंज विकास खंड में धरना प्रदर्शन

 चंदौली जिले के शहाबगंज विकास खंड में नियुक्त ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने संयुक्त रुप से विरोध जताते हुए बुधवार को ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था का विरोध करते हुए काली पट्टी बांधकर कार्य किया। सचिवों का कहना है कि शासन द्वारा लागू की जा रही यह प्रणाली जमीनी हकीकत से बिल्कुल मेल नहीं खाती और इसे तानाशाही तरीके से थोपा जा रहा है। विरोध के दौरान सचिवों ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन हाजिरी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि ब्लॉक मुख्यालय पर आकर आनलाइन हाजिरी लगाकर फिर दूर दराज के गांवों में जाना दुरूह कार्य है।

ऑनलाइन हाजिरी का विरोध

सचिवों ने बताया कि उनकी जिम्मेदारियां पहले से ही काफी विस्तृत हैं..पंचायती योजनाओं का संचालन, विकास कार्यों की निगरानी, रजिस्टर संधारण, स्वच्छता अभियान, मनरेगा से संबंधित फीडिंग, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सत्यापन, तथा ग्राम स्तरीय बैठकों का आयोजन। ऐसे में ऑनलाइन हाजिरी की बाध्यता उनके कार्यभार को और अधिक बढ़ा देगी। सचिवों का कहना है कि वे फील्ड में रहकर ही कार्य करते हैं, इसलिए समय पर लोकेशन या ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई का खतरा बना रहेगा, जो अनुचित है।

विरोध कर रहे सचिवों ने यह भी कहा कि शासन को किसी भी व्यवस्था को लागू करने से पहले जमीनी कर्मचारियों की बात सुननी चाहिए, न कि बिना संवाद के आदेश लागू कर देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए या फिर इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसार व्यावहारिक व्यवस्था तैयार की जाए।

सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर जल्द ही उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की बात भी कही। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। सचिवों का यह शांतिपूर्ण विरोध पूरे दिन चला। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र भारती, राम प्रकाश राम, साहब सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी चन्द्रबली सिंह, सत्यार्थ सिंह, राहुल कुमार, अजय कुमार उपस्थित रहे।