पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा अलर्ट: नागेपुर में बूथ समीक्षा बैठक, घर-घर दस्तक देने की रणनीति।

 

सकलडीहा के नागेपुर में बसपा की महत्वपूर्ण बूथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य अतिथि भीम राजभर ने आगामी पंचायत और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 'बूथ जीतो-चुनाव जीतो' का मंत्र दिया।

 
 

2027 विधानसभा चुनाव हेतु विशेष रणनीति

आगामी पंचायत चुनावों पर विस्तृत मंथन

बूथ स्तर पर मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य

मतदाता सूची (SIR) कार्यों की सघन समीक्षा

भीम राजभर द्वारा पदाधिकारियों को कड़े निर्देश

चंदौली जिले में आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और भविष्य में होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी चुनावी बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में 381-विधानसभा सकलडीहा के ग्राम पंचायत नागेपुर में शनिवार को एक महत्वपूर्ण 'बूथ समीक्षा बैठक' का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वाराणसी मंडल के मुख्य जोन प्रभारी भीम राजभर उपस्थित रहे।

बूथ को चुस्त-दुरुस्त करने पर जोर
जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सकलडीहा विधानसभा के सभी बूथों के कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। भीम राजभर ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव की जीत का रास्ता 'बूथ' से होकर गुजरता है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ प्रभारी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहें और मतदाता सूची (SIR) से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन कार्य अब लगभग अंतिम चरण में है, ऐसे में कार्यकर्ताओं की सजगता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।

बहन जी के निर्देशों का अक्षरसः पालन: संतोष भारती
बैठक का संचालन विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार भारती ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि "बहन जी का स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक मतदाता को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए और यह सुनिश्चित हो कि बूथ से जुड़ा हर व्यक्ति शत-प्रतिशत मतदान करे।"

प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
इस समीक्षा बैठक में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे और धरातल पर आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। बैठक में मुख्य रूप से रामराज राजभर, ओमप्रकाश राजभर, विजयी राजभर, श्रवण राजभर, विनोद राजभर, राजनाथ राजभर, अजय राजभर, राकेश, भाईराम प्रधान, श्याम सुंदर विश्वकर्मा, रुस्तम अली, प्रेम सिंह, शशि कुमार और केशव कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में बूथ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बसपा के इस सक्रिय अभियान से क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। पार्टी का पूरा फोकस अब 'जमीनी स्तर' पर संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करने पर है।