बंगाल में भाजपा की जीत पर चंदौली में जश्न: ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके कार्यकर्ता, जमकर फूटे पटाखे
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद चंदौली में जश्न का माहौल है। ढोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
चंदौली में भाजपा का जश्न
ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी
कार्यकर्ताओं ने बांटी जमकर मिठाई
भाजपा कार्यालय पर लहराया भगवा
असम और पुडुचेरी में खुशी
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत का असर उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को जैसे ही बंगाल के चुनावी नतीजों और रुझानों में भाजपा की जीत की खबर आई, पूरा चंदौली जश्न के माहौल में डूब गया। भाजपा जिला कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और भगवा ध्वज लहराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और जय श्रीराम के नारे लगाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ममता सरकार पर साधा निशाना
इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के घमंड को पूरी तरह से तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि यह आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ सभी सनातनी लोगों की जीत है। पूरे देश में बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने का भव्य जश्न मनाया जा रहा है। चंदौली के कार्यकर्ताओं में भारी जोश और उत्साह है।
असम और पुडुचेरी के नतीजों से भी बढ़ी खुशी
जश्न में शामिल वरिष्ठ नेता के.एन. पांडेय ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और सनातन की जीत है। जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि असम और पुडुचेरी में भी पार्टी को मिल रही सफलता से बेहद उत्साहित और खुश हैं। हर तरफ उत्सव जैसा माहौल है और पार्टी के कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक क्षण को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मना रहे हैं।