जिले में गरजे कांग्रेसी, कहा- नीट पेपर लीक की जिम्मेदारी लेकर तत्काल इस्तीफा दें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
चंदौली में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीट पेपर लीक और लगातार हो रही परीक्षाओं में धांधली को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत इस्तीफे की मांग की है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग
नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला
प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार धांधली का आरोप
छात्र आत्महत्याओं पर जताई गहरी चिंता
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' पर चर्चा
चंदौली जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चंद्रा त्रिपाठी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने नीट (NEET) परीक्षा में हुई धांधली और लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की।
लगातार हो रहे पेपर लीक से युवा परेशान
पत्रकारों से बात करते हुए अरुण द्विवेदी ने कहा कि साल 2018, 2021, 2022, 2024 और अब 2026 में भी नीट परीक्षा में गड़बड़ियां और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 मई 2026 को हुई नीट परीक्षा का पेपर बड़े पैमाने पर लीक हुआ था, जिसकी जानकारी सोशल मीडिया पर आने के बाद सरकार को परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लेना पड़ा। लेखपाल, यूपी पुलिस, आरओ-एआरओ जैसी कई परीक्षाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं।
छात्रों की आत्महत्या और व्यवस्था पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने से युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। इस मानसिक तनाव के कारण देश में कई छात्रों ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया है, जो सरकार की नीतियों की बड़ी नाकामी है। आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को निजीकरण और व्यावसायीकरण की तरफ धकेला जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर बोझ बढ़ गया है।
'छात्रों की गूंज' अभियान से उठाएंगे आवाज
जिलाध्यक्ष ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत छात्रों की इन दिक्कतों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। कांग्रेस निष्पक्ष, सस्ती और अच्छी शिक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी। इस मौके पर बृजेश गुप्ता, मधु राय, दया राम पटेल, मुनीर खान, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, शिवेंद्र मिश्रा, मोहम्मद आजम सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।