चंदौली में गैस किल्लत पर कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेता: PM मोदी के 'नाली गैस' फॉर्मूले पर कसा तंज, डीएम बोले- सप्लाई में कमी नहीं

 

चंदौली में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने 'नाली से गैस' वाले पुराने बयान को लेकर विरोध जताया, वहीं डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने आपूर्ति सामान्य होने का दावा करते हुए कालाबाजारी पर सख्त एक्शन की चेतावनी दी है।

 
 

खाली सिलेंडर के साथ डीएम दफ्तर पहुंचे सपा नेता

पीएम मोदी के 'नाली गैस' फॉर्मूले पर तीखा कटाक्ष

अफवाहों के कारण गैस की मांग में भारी उछाल

आपूर्ति पक्ष से किसी भी तरह की बाधा नहीं

ओवर रेटिंग करने वाली एजेंसियों पर होगी जेल

चंदौली जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। एक तरफ जहां सपा नेताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए प्रशासन को घेरा है, वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कालाबाजारी करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।

सपा नेता का तंज: 'पीएम के फॉर्मूले से निकाल दें गैस' पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में एक नौजवान खाली सिलेंडर लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कभी कहा था कि नाली से गैस निकालकर चाय बनाई जा सकती है, इसलिए वे डीएम साहब के पास आए हैं ताकि वह फॉर्मूला जान सकें।  उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि जनता को गैस नहीं मिल रही है, तो प्रशासन ही सिलेंडर भरकर दे दे ताकि किल्लत दूर हो सके।

डीएम का स्पष्टीकरण: 'सप्लाई में नहीं है कोई कमी'
 इस विरोध प्रदर्शन के बीच जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने स्थिति को स्पष्ट किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गैस की मांग अचानक 1.4 से 1.5 गुना तक बढ़ गई है।  उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वृद्धि आपूर्ति की कमी के कारण नहीं, बल्कि जनता के बीच फैली इस भ्रांति की वजह से है कि उन्हें भविष्य में सिलेंडर नहीं मिलेगा।  डीएम ने कहा, "मैंने तेल और गैस कंपनियों के साथ-साथ सभी स्थानीय गैस एजेंसियों की दो बार बैठक की है। आपूर्ति पक्ष (Supply Side) से कोई बाधा नहीं है।"  प्रशासन अब जनता के बीच फैले इस भ्रम को दूर करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

कालाबाजारी और ओवर रेटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
 वीडियो में जब जिलाधिकारी के सामने यह बात आई कि सिलेंडर ₹3200 तक की ऊंची कीमतों पर बिक रहे हैं, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
 डीएम ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कोई गैस एजेंसी या बिचौलिया कालाबाजारी (Black Marketing) या ओवर रेटिंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 उन्होंने जनता और मीडिया से अपील की कि यदि उनके पास ऐसी कोई ठोस शिकायत या सबूत है, तो वे तुरंत प्रशासन को लिखित में दें ताकि दोषियों पर नकेल कसी जा सके। फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में बता रहा है, लेकिन विपक्ष के तेवर और जनता में सिलेंडर की भारी मांग ने प्रशासन की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। देखना होगा कि आने वाले दिनों में आपूर्ति व्यवस्था कितनी जल्दी सुचारू होती है।