विधायक रमेश जायसवाल के शिलान्यास पत्थर को तोड़ा, फिर गरमाने लगी है राजनीति
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल द्वारा चंदौली-बबुरी मार्ग पर शिलान्यास किए गए 4.44 करोड़ के पुल का शिलापट्ट अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। इस घटना से विधायक समर्थकों में गहरा आक्रोश है और पुलिस से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
4.44 करोड़ की लागत से बन रहा है पुल
शिलान्यास स्थल पर शिलापट्ट को किया क्षतिग्रस्त
मुगलसराय विधायक समर्थकों में भारी नाराजगी
राजनीतिक वर्चस्व या विपक्षी साजिश की चर्चा
सदर ब्लॉक के पड़या गांव की घटना
चंदौली जनपद के सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पड़या में विकास कार्यों को लेकर मची सियासी खींचतान अब तोड़फोड़ तक पहुँच गई है। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल द्वारा चंदौली-बबुरी मार्ग पर 4 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल के शिलान्यास स्थल पर लगे शिलापट्ट (पत्थर) को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही विधायक समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
विकास विरोधी मानसिकता का परिचय: संजय कनौजिया
विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया ने घटनास्थल पर पहुँचकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह कृत्य न केवल निंदनीय है, बल्कि यह क्षेत्र की घटिया राजनीति और विकास विरोधी सोच का परिचायक है। कनौजिया ने सवाल उठाया कि क्या शिलापट्ट तोड़ने जैसी ओछी राजनीति से क्षेत्र का विकास संभव है? उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक रमेश जायसवाल क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और ऐसे घृणित कृत्यों से उनका मनोबल टूटने वाला नहीं है।
वर्चस्व की जंग या विपक्षी साजिश?
शिलापट्ट तोड़े जाने की इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। गलियारों में चर्चा है कि यह पार्टी के भीतर चल रही वर्चस्व की जंग का नतीजा हो सकता है, जहाँ कुछ कार्यकर्ता एक-दूसरे के विरोधी होकर कार्य कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर विपक्षी दलों के समर्थकों द्वारा राजनीतिक विद्वेष के चलते इस घटना को अंजाम देने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग
विधायक समर्थकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शिलान्यास स्थल के आसपास के क्षेत्रों की जांच की जाए और इस घृणित कार्य को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की हरकतें दोबारा हुईं, तो जनता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर करारा जवाब देंगे। विधायक प्रतिनिधि ने दोहराया कि क्षेत्र की जनता विधायक रमेश जायसवाल के साथ मजबूती से खड़ी है और विकास कार्य रुकने नहीं दिए जाएंगे।