निर्दल लड़कर 7 हजार से ज्यादा वोट पाने वाले सुनील यादव करेंगे धन्यवाद सभा, विधानसभा चुनाव को लेकर अटकलें तेज
बुधवार को मारूफपुर में करेंगे धन्यवाद सभा
निर्दल लड़कर 7 हजार से ज्यादा वोट पाए
सपा पर वोटरों को बरगलाने का लगाया आरोप
समर्थकों की राय से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
युवाओं के बीच सुनील यादव की मजबूत पकड़
वाराणसी स्नातक क्षेत्र के पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सुनील यादव चुनाव में हार मिलने के बावजूद अपने मतदाताओं का आभार जताने के लिए सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं। वोटरों से मिले स्नेह और समर्थन को सिर-आंखों पर रखते हुए उन्होंने चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित मारूफपुर में बुधवार को एक भव्य धन्यवाद सभा का आयोजन किया है। चुनाव परिणाम के बाद आमतौर पर जहां प्रत्याशी क्षेत्र से दूरी बना लेते हैं, वहीं सुनील यादव की इस पहल को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों और आम लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
निर्दल लड़कर 7 हजार से अधिक वोट पाने पर जताई खुशी
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद सुनील यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। चुनाव में करीब 7 हजार से अधिक वोट हासिल करने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए इसे जनता का आशीर्वाद बताया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सपा ने विधानसभा चुनाव से पहले अपना दबदबा दिखाने के लिए वोटरों को बरगलाने का काम किया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया।
सकलडीहा विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर तेज हुईं राजनीतिक चर्चाएं
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के मारूफपुर से सुनील यादव का तीन पीढ़ियों पुराना पारिवारिक नाता रहा है। युवाओं के बीच उनकी खास लोकप्रियता और मजबूत समर्थन को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस धन्यवाद सभा के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर सुनील यादव ने स्पष्ट कहा कि वे अपने समर्थकों और क्षेत्र की जनता की राय के अनुसार ही आगे का कोई निर्णय लेंगे।