निषाद पार्टी का बड़ा दावा: बिना निषाद पार्टी के बिहार में नैया पार नहीं होगी
चंदौली में निषाद पार्टी ने किया स्वागत समारोह
नवनियुक्त पदाधिकारियों को मंच पर मिला सम्मान
बिना निषाद पार्टी किसी की नैया पार नहीं होगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया बड़ा दावा
चंदौली जिले के नौबतपुर स्थित काली मंदिर परिसर में निषाद पार्टी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार निषाद, एससी-एसटी आयोग सदस्य मिठाई लाल निषाद और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निषाद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
डॉ. अमित कुमार निषाद ने कहा कि पार्टी अब पंचायत से लेकर विधानसभा तक मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में जुटी भीड़ ने अन्य दलों को चिंता में डाल दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में भी निषाद पार्टी पूरी ताकत से उतरेगी। अध्यक्ष ने दावा किया कि बिहार की राजनीति में अब निषाद समाज की उपेक्षा संभव नहीं है और बिना निषाद पार्टी के किसी की "नैया पार नहीं होगी"।
जिलाध्यक्ष अरविंद निषाद ने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारी के लिए पटना में जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी।
कार्यक्रम में क्षत्रिय प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष चंदन सिंह और महिला मोर्चा प्रदेश सचिव शिवकुमारी निषाद ने भी संबोधन किया। मौके पर सुरेश कुमार, अनिल निषाद, हंसलाल निषाद, प्रदीप निषाद, चंद्रकला निषाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।