स्व. रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा: पासवान समाज ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

 

मुगलसराय स्थित मानसरोवर तालाब के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। वक्ताओं ने उनके पांच दशक लंबे राजनीतिक सफर और सामाजिक योगदान को याद किया।

 
 

मुगलसराय में स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि

पासवान समाज और स्थानीय लोगों ने अर्पित की पुष्पांजलि

दलित सेना और एलजेपी गठन का किया गया उल्लेख

'एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड' योजना को किया याद

क्षेत्र में गूंजे "रामविलास पासवान अमर रहें" के नारे

चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित मानसरोवर तालाब के सामने गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 को भारत सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पासवान समाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।

शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए लड़ा संघर्ष
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के बहुआयामी व्यक्तित्व, जनसेवा और सामाजिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. पासवान ने अपने पांच दशक से अधिक लंबे राजनीतिक सफर में शोषितों, वंचितों और दलितों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद की और हमेशा उनके हक की लड़ाई लड़ी।

दलित सेना गठन से लेकर 'एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड' तक को किया याद
वक्ताओं ने उनके ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 1983 में दलित सेना तथा वर्ष 2000 में लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) का गठन किया था। रेल मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को भी प्रमुखता से याद किया गया। इसके अलावा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में शुरू की गई ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड’ योजना का जिक्र करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से देश के करोड़ों गरीब और प्रवासी मजदूरों को सीधा लाभ मिला।

6 प्रधानमंत्रियों के साथ मंत्री रहने का रहा रिकॉर्ड
सभा में वक्ताओं ने रेखांकित किया कि स्व. रामविलास पासवान देश के छह अलग-अलग प्रधानमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री रहे और उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में जनहित से जुड़े मुद्दों को ही सर्वोपरि रखा। उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में मरणोपरांत पद्म भूषण से नवाजे जाने का भी उल्लेख किया गया।

क्षेत्र में गूंजे "रामविलास पासवान अमर रहें" के नारे
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन वंशराज पासवान एवं पूर्व प्रधान अरविंद पासवान द्वारा किया गया, जबकि उमेश पासवान, लक्ष्मण पासवान एवं शिवपूजन पासवान ने संरक्षक की भूमिका निभाई। श्रद्धांजलि सभा के दौरान “स्व. रामविलास पासवान अमर रहें” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान बंसराज पासवान, चंद्रशेखर कुमार, लक्ष्मण पासवान, शिवपूजन पासवान, उमेश पासवान, विजय पासवान, एडवोकेट संतोष रोशन पासवान, पूर्व प्रधान अरविंद पासवान, राजन पासवान, ओमप्रकाश पासवान, महेंद्र पासवान, दिलीप पासवान, संजय पासवान, जैकी, शशिरंजन पासवान, नीरज पासवान, मुलायम पासवान, राजेश रंजन, अनिल बाबा, संजय कुमार मौर्य, अरुण कुमार मौर्य, अवधेश नारायण, दिलीप कुमार पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।