बीरेंद्र कुमार बिंद साफ-साफ बोले- पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को इसलिए नहीं बुलाया कार्यालय उद्घाटन में
चंदौली की सैयदराजा विधानसभा में सपा का टिकट पाने के लिए गुटबाजी तेज हो गई है। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बिंद डॉक्टर ने कार्यालय खोलकर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
सैयदराजा विधानसभा में समाजवादी पार्टी का टिकट पाने की होड़ तेज
सैयदराजा विधानसभा में खुला पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का खुला नया कार्यालय
सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बिंद डॉक्टर ने पेश की दावेदारी
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पर दिया अपना बयान
मिशन 2027 और पीडीए एकजुटता पर जोर, जीत के लिए सब कुछ झोंकने को तैयार
चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में आगामी 2027 के चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन का दौर तेज हो गया है। लगातार दो बार चुनाव हार चुके पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के अलावा अब कई नए दावेदार मैदान में उतर आए हैं। अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए पार्टी के नेता अब अलग-अलग कार्यालय खोलने और बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने में जुट गए हैं।
बीरेंद्र कुमार बिंद डॉक्टर ने खोला नया कार्यालय
इसी क्रम में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बिंद डॉक्टर ने कमालपुर के बहेरी गांव में अपने प्रकोष्ठ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। चंदौली समाचार के संवाददाता विनय तिवारी से खास बातचीत में डॉ. बिंद ने साफ कहा कि चंदौली में पिछड़ा वर्ग का अपना कोई कार्यालय नहीं था, इसलिए बैठकर रणनीति बनाने के लिए यह कार्यालय खोला गया है। इस दौरान उन्होंने सैयदराजा सीट से खुद भी अपनी मजबूत दावेदारी मीडिया के सामने रखी।
मनोज सिंह डब्लू को न बुलाने की बताई वजह
कार्यालय के उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को न बुलाए जाने पर जब सवाल पूछा गया तो बीरेंद्र कुमार बिंद ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने बताया कि जब मनोज सिंह ने अपना कार्यालय खोला था, तब उन्होंने भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया था। इसके अलावा कार्यक्रम में किसी तरह का विवाद, कहासुनी या समर्थकों के बीच नारेबाजी न हो, इसलिए उन्हें नहीं बुलाया गया। हालांकि, पोस्टर पर जिले के सभी नेताओं के साथ उनकी तस्वीर जरूर लगाई गई थी।
सैयदराजा सीट पर इन नेताओं ने ठोकी दावेदारी
बीरेंद्र कुमार बिंद ने खुलासा किया कि सैयदराजा से टिकट चाहने वालों की लंबी कतार है। मनोज सिंह डब्लू के अलावा वे खुद, हरदेव कुशवाहा, सकलडीहा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बलिराम यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव भी टिकट की रेस में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है, तो सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर पीडीए के बैनर तले भाजपा को हराएंगे।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से गरमाई राजनीति
कार्यालय के इस उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव और प्रदेश प्रवक्ता मनोज सिंह काका समेत जिले के कई बड़े नेता शामिल हुए। इतनी बड़ी हस्तियों को मंच पर लाकर डॉ. वीरेंद्र बिंद ने एक तरह से बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है। इस कार्यक्रम के बाद से सैयदराजा की स्थानीय राजनीति गरमा गई है और यह चर्चा तेज हो गई है कि इस बार टिकट के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।