गंगा में मछुआरों के जाल में फंसी अनोखी मछली, अमेरिकन कैट फिश को देखकर दंग रह गए ग्रामीण
नरौली गांव के गंगा तट पर मछुआरों के जाल में फंसी अनोखी मछली
शरीर पर बिल्ली जैसी धारियां और कंटीली संरचना ने बढ़ाई जिज्ञासा
नंगे हाथों से पकड़ना मुश्किल
ग्रामीणों ने ली तस्वीरें
चंदौली जिले के धानापुर के नरौली गांव के गंगा तट पर रविवार को मछुआरों के जाल में एक ऐसी मछली फंसी, जिसे देखकर गांव में कौतूहल का माहौल बन गया। इस मछली के शरीर पर बिल्ली जैसी धारियां, कंटीली संरचना और बेहद अनोखा पैटर्न था, जिसके कारण इसे नंगे हाथों से पकड़ना मुश्किल हो रहा था।
आपको बता दें कि गांव के मछुआरों और नाविकों का कहना है कि गंगा में उन्होंने इस तरह की मछली पहले कभी नहीं देखी। कुछ लोगों ने तो इसे देखकर हैरानी जताई और तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दीं।
स्थानीय मछुआरों के अनुसार, शनिवार को भी इसी तरह की दो मछलियां उनके जाल में फंसी थीं, जिन्हें उन्होंने वापस गंगा में छोड़ दिया था। रविवार सुबह फिर एक मछुआरे के जाल में यह मछली फंसी, जिसे भी बाद में गंगा में छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने नेट पर सर्च करने के बाद बताया कि यह विदेशी प्रजाति की मछली है, जिसे अमेरिकन कैटफिश के नाम से जाना जाता है। माना जा रहा है कि यह प्रजाति अब गंगा में काफी संख्या में मौजूद है।
मछुआरों का कहना है कि अगर यह विदेशी प्रजाति बड़ी संख्या में फैल गई तो यह गंगा की स्थानीय मछलियों के लिए खतरा बन सकती है, क्योंकि कैटफिश बेहद आक्रामक होती है और अन्य प्रजातियों का भोजन छीन लेती है।
ग्रामीणों ने मत्स्य विभाग से अपील की है कि इस पर शोध और निगरानी की जाए, ताकि गंगा की जैवविविधता को नुकसान से बचाया जा सके।