आखिर कहां गायब हो गया है चंदौली का फौजी, 22 नवंबर को होने वाली है शादी

चंदौली के धानापुर निवासी फौजी माधव ट्रेन के एसी कोच से लापता। 22 नवंबर को होनी थी शादी, घर में हड़कंप। आखिरी लोकेशन शाहजहांपुर के तिलहर में मिली। जीआरपी एसपी ने माधव की तलाश के लिए टीमें गठित कर गहन जांच शुरू कर दी है।
 

चलती ट्रेन से लापता हुआ चंदौली का फौजी माधव

शाहजहांपुर के तिलहर में मिली थी आखिरी लोकेशन

शादी से पहले अचानक गायब हुए माधव

शिकायत के बाद लोकर जीआरपी जांच में जुटी

चंदौली जिले के धानापुर थाना बुद्धपुर के निवासी माधव (25), जो दिल्ली में आर्मी इंजीनियर कोर में सैनिक के पद पर तैनात थे, अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस (04652) के बी-6 एसी कोच से लापता हो गए हैं। माधव ने 7 नवंबर को दिल्ली से लखनऊ के लिए यात्रा शुरू की थी। अगले दिन 8 नवंबर को जब वह लखनऊ नहीं पहुंचे और उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजनों में हड़कंप मच गया।

शाहजहांपुर में मिली अंतिम लोकेशन

परिजनों ने तुरंत लखनऊ के चारबाग जीआरपी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। शुरुआती जांच में साइबर सेल द्वारा निकाली गई मोबाइल की अंतिम लोकेशन शाहजहांपुर जिले के तिलहर में मिली। घटना स्थल शाहजहांपुर होने के कारण मामला लखनऊ जीआरपी से शाहजहांपुर जीआरपी को स्थानांतरित (Transfer) कर दिया गया। सेना से जुड़ा मामला होने के चलते जीआरपी पुलिस इस पर गहनता से जांच कर रही है।

शादी से पहले गायब होने से कोहराम

यह मामला इसलिए भी ज्यादा गंभीर और संवेदनशील है क्योंकि जवान माधव की शादी 22 नवंबर को तय थी। घर में शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया था। ट्रेन से अचानक गायब होने की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

जीआरपी एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमें गठित कर दी हैं, जो फौजी माधव की तलाश में हर बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही हैं।