चंदौली की 'फूल' वाली दीदी: फूलों की खेती से सोनी कुमारी ने बदली अपनी और 10 महिलाओं की तकदीर
चंदौली की सोनी कुमारी ने फूलों की खेती से आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिखा है। एनआरएलएम योजना से प्रेरित होकर शुरू किया गया उनका व्यवसाय आज दर्जनों महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
फूलों की खेती से महिला सशक्तिकरण
एनआरएलएम योजना से मिली नई राह
सोनी कुमारी की सफल उद्यमी कहानी
मिशन शक्ति अभियान में सम्मान समारोह
चंदौली महिला समृद्धि एफपीओ की पहल
चंदौली जिले को पारंपरिक रूप से 'धान का कटोरा' कहा जाता है, अब वहां के खेतों में एक नई खुशबू महसूस की जा रही है। यह खुशबू फूलों की खेती की है, जिसे चंदौली की प्रगतिशील महिला किसान सोनी कुमारी ने एक बड़े उद्यम का रूप दिया है। एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की योजनाओं से जुड़कर सोनी कुमारी ने साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर भारत की नींव बन सकती हैं।
मुख्यमंत्री से सीधा संवाद और हौसले की उड़ान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी मंडल की महिला उद्यमियों से संवाद किया। इस दौरान चंदौली की सोनी कुमारी से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। सोनी ने बताया कि वे अपने एफपीओ ‘चंदौली महिला समृद्धि’ के जरिए गेंदा, तुलसी और अड़हुल जैसे फूलों की खेती कर रही हैं। वे न केवल खुद आगे बढ़ रही हैं, बल्कि अपने स्वयं सहायता समूह के जरिए 10 अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें निर्देश दिया कि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षित करें।
संघर्ष से सफलता का सफर
बी.ए. तक की शिक्षा प्राप्त सोनी कुमारी के लिए यह सफर आसान नहीं था। शुरुआत में जब उन्होंने कोई रोजगार शुरू करने की कोशिश की, तो उन्हें आर्थिक मदद के लिए दर-दर भटकना पड़ा। वर्ष 2021 में उन्होंने एनआरएलएम योजना का सहारा लिया और सामुदायिक निवेश निधि के जरिए मिले शुरुआती सहयोग से तीन बीघा भूमि में फूलों की खेती का जोखिम उठाया। आज वही 50 हजार और 70 हजार रुपये की सहायता ने उन्हें एक सफल उद्यमी बना दिया है। कांटा ग्राम चक की निवासी सोनी ‘मौसम आजीविका संकुल समिति’ में बतौर एकाउंटेंट भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
मिशन शक्ति और सम्मान का उत्सव
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं की लाभार्थियों, मेधावी छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, बाल विकास विभाग के अंतर्गत नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। चंदौली में महिलाओं का यह सम्मान समारोह, उनके स्वावलंबन और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक रहा।