इसलिए इन पुलिसकर्मियों पर SP आकाश पटेल की क्राइम मीटिंग में ही ले लिया एक्शन, 26 पुलिसकर्मियों को सजा और 12 को सम्मान
एसपी आकाश पटेल का बड़ा एक्शन
अलीनगर, धानापुर, कंदवा में नए प्रभारी
23 दागी पुलिसकर्मियों को कड़ा दंड
वाहन चोरी पर चौकी इंचार्ज सस्पेंड
उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवान सम्मानित
चंदौली जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने एक बेहद महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 7 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन सभागार में एसपी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर, जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
पशु तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने का आदेश
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पशु तस्करी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि केवल तस्करों को पकड़ना या गाड़ियां पकड़ना काफी नहीं है। अब पुलिस को 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज एनालिसिस' करना होगा। इसका मतलब है कि पशु तस्करी के पीछे असली मास्टरमाइंड, फाइनेंसर और किंगपिन कौन है, वहां तक पहुंचकर गैंगस्टर एक्ट के तहत उनकी अवैध संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा।
लापरवाही पर एक फिर से गिरेगी गाज, नहीं चलेगी ढिलाई
अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों की सुनवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को एसपी ने दोटूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाली शिकायतों की जांच अधूरी या सिर्फ औपचारिकता के लिए नहीं होनी चाहिए। अगर जांच की क्वालिटी खराब मिली, तो संबंधित अधिकारी पर सीधी कार्रवाई होगी। इसी के साथ अपराधियों की हिस्ट्रीशीट की नियमित निगरानी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
वाहन चोरी रोकने में नाकाम चौकी इंचार्ज सस्पेंड
चंदौली कस्बा इलाके में लगातार हो रही बाइक और गाड़ियों की चोरी पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असफल साबित होने पर चंदौली कस्बा के चौकी इंचार्ज (चौकी प्रभारी) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है।
इन 3 थानों के प्रभारियों को हटाया गया
काम में लापरवाही और ढीली कार्यशैली के कारण तीन थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया गया है:--
1-थाना अलीनगर: लूट और छिनैती जैसी घटनाओं का खुलासा न करने और पशु तस्करी पर रोक न लगाने के कारण थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर एसपी के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) निरीक्षक गगन राज सिंह को अलीनगर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
2-थाना धानापुर: संवेदनशील मामलों की जानकारी समय पर उच्चाधिकारियों को न देने के कारण त्रिवेणी लाल सेन को हटा दिया गया है। डीसीआर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा को धानापुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
3-थाना कंदवा: कंदवा के थानाध्यक्ष राजीव मल्ल को हटाकर उनके स्थान पर वीएसटी (VST) टीम के उपनिरीक्षक विनोद अंचल को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
शासकीय कार्य में लापरवाही पर 23 पुलिसकर्मियों को दंड
विवेचना और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में 23 पुलिसकर्मियों को विभागीय नियमों के तहत दंडित किया गया है। इनमें से मुख्य रूप से निम्नलिखित कर्मियों के वेतन से कटौती और परिनिंदा दंड की कार्रवाई की गई:
- निरीक्षक दयाराम गौतम: 10 दिन का वेतन समतुल्य अर्थदंड।
- निरीक्षक राजकुमार सिंह: 2 दिन का वेतन समतुल्य अर्थदंड।
- उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव व प्रदीप कुमार सिंह: 7-7 दिन का वेतन समतुल्य अर्थदंड।
- उपनिरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, कमलाकान्त, राम प्यारे चौधरी व मनोज कुमार राय: 5-5 दिन का वेतन समतुल्य अर्थदंड।
- मुख्य आरक्षी राजेश कुमार यादव, रणजीत तिवारी व आरक्षी आलोक सिंह: 30-30 दिन का वेतन समतुल्य अर्थदंड।
इसके अलावा उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर सिंह, भृगुनाथ यादव, राम प्यारे, दिनेश कुमार, सतीश चन्द्र सिंह, रामचन्द्र शाही सहित कई मुख्य आरक्षियों को परिनिंदा दंड दिया गया है।
बेहतरीन काम करने वाले 12 जांबाज सम्मानित
- एक तरफ जहां लापरवाहों को सजा मिली, वहीं दूसरी तरफ अच्छा काम करने वाले 12 पुलिसकर्मियों को एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
- उपनिरीक्षक उत्कर्ष मौर्या व आरक्षी सुनील कुमार: पुलिस भर्ती व होमगार्ड परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए।
- मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह व आरक्षी महेश यादव (स्वाट टीम): अलीनगर में हुई हत्या का महज 36 घंटे में खुलासा करने के लिए।
- थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र, आरक्षी शंकर कुमार व बृजेश चौहान: 164 गोवंश मुक्त कराने और 28 तस्करों को जेल भेजने के लिए।
- साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान वेग व टीम: अंतरराज्यीय साइबर ठगों को पकड़कर 1.42 करोड़ रुपये की रकम होल्ड कराने के लिए।
- आरक्षी अमित कुमार यादव (मुगलसराय): 13 साल से फरार चल रहे वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए।