रोहिताश पाल हत्याकांड का फर्जी खुलासा, मनोज के परिजन बोले- CBI जांच कराओ
दवा व्यवसायी हत्याकांड का खुलासा
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
5 दिन से थाने में पूछताछ के नाम पर बैठाया
असली हत्यारे को नहीं पकड़ पायी तो मनोज को बनाया साजिशकर्ता
परिवार बोला – CBI जांच कराकर सबको दिलाए न्याय
चंदौली जिले के मुगलसराय में दवा व्यवसायी रोहिताश पाल हत्याकांड के कथित खुलासे के बाद शनिवार को चंदौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब गिरफ्तार किए गए आरोपियों मनोज और ओमप्रकाश के परिजन अचानक वहां पहुँच गए। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराए जाने की पुरजोर मांग की है।
पाँच दिन की पूछताछ, छठवें दिन साजिशकर्ता
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी कार्रवाई को शासन और सत्ता के दबाव में की गई कार्रवाई बताया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मनोज और ओमप्रकाश को 5 दिन पहले मुगलसराय कोतवाली पर पूछताछ के लिए बुलाया था। तब से दोनों को लगातार थाने पर बैठाया गया, लेकिन परिवार वालों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें रोज़ टरकाती रही, कभी कहती थी कि दो घंटे में छोड़ देंगे, तो कभी शाम तक छोड़ने का आश्वासन देती थी, लेकिन छठवें दिन दोनों को रोहिताश पाल हत्याकांड का साजिशकर्ता बनाकर दिखा दिया गया।
'यह पुलिस की गुंडागर्दी है, सही शूटर को नहीं पकड़ पा रही'
मनोज की बेटी मारुति ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता और ओमप्रकाश को गलत तरीके से साजिशकर्ता बना दिया गया है। उन्होंने कहा, "पुलिस शासन सत्ता के दबाव में काम कर रही है"। मारुति ने यह भी बताया कि उनके पिता हार्ट पेशेंट हैं और पुलिस की इस कार्रवाई से उनकी सेहत भी खतरे में पड़ गई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनके पिता निर्दोष हैं और उन्हें भी न्याय चाहिए, हालांकि उन्हें मृतक परिवार से पूरी संवेदना है।
वहीं, ओमप्रकाश की पत्नी ने इसे “पुलिस की साजिश” करार दिया और कहा कि पुलिस सही शूटर को पकड़ नहीं पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि "यह पुलिस की गुंडागर्दी है"। उनके अनुसार, पुलिस छोटे व्यापारियों को फंसा रही है जबकि उनके पिता तो खुद पुलिस को सहयोग कर रहे थे।
सीबीआई जांच की अपील
दोनों परिवारों ने शासन और प्रशासन से अपील की है कि "इस हाई प्रोफाइल मर्डर केस की सीबीआई जांच कराई जाए ताकि सही तथ्य सामने आ सकें"। परिजनों ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे मृतक परिवार के साथ पूरी संवेदना रखते हैं, लेकिन एक गलत व्यक्ति को साजिशकर्ता बनाना न्याय नहीं है।
क्या था मामला?
हाल ही में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला मोड़ स्थित जीटी रोड पर दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले को जमीन विवाद से संबंधित साजिश बताते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, परिजनों ने इस गिरफ्तारी को पुलिस की जल्दबाजी और दबाव में की गई कार्रवाई बताया है।