सैयदराजा नगर पंचायत का विवाद खत्म; जांच से संतुष्ट हुए पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद, वापस ली शिकायत

 

चंदौली के सैयदराजा नगर पंचायत में चल रहा जांच का मामला अब शांत हो गया है। पूर्व अध्यक्ष शंकर प्रसाद जायसवाल ने जांच रिपोर्ट पर भरोसा जताते हुए शिकायत वापस ले ली है और अपनी बहू (वर्तमान अध्यक्ष) को आशीर्वाद दिया है।

 
 

पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद जायसवाल जांच से संतुष्ट

अधिशाषी अधिकारी को सौंपा लिखित संतुष्टि पत्र

मुख्यमंत्री से की गई शिकायत का हुआ पटाक्षेप

चेयरमैन आभा जायसवाल ने शंकर को बनाया अपना प्रतिनिधि

बोले-नगर पंचायत के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

जांच रिपोर्ट के बाद खत्म हो गया आपस का पूरा विवाद

चंदौली जिले की सैयदराजा नगर पंचायत में विकास कार्यों और पैसों की हेरफेर को लेकर चल रहा पुराना विवाद अब पूरी तरह खत्म हो गया है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शंकर प्रसाद जायसवाल ने मुख्यमंत्री से इस मामले की शिकायत की थी, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच बिठाई गई थी। अब शुक्रवार को पूर्व अध्यक्ष खुद नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और उन्होंने जांच रिपोर्ट पर पूरी संतुष्टि जताई। उन्होंने भरोसा दिया है कि वे भविष्य में इस मामले को लेकर कोई और शिकायत नहीं करेंगे।

डीएम ने गठित की थी जांच टीम
आपको बता दें कि पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद जायसवाल ने नगर पंचायत में हो रहे विकास कार्यों की क्वालिटी और सरकारी पैसों के सही इस्तेमाल को लेकर शक जताया था, जिसकी शिकायत उन्होंने सीधे सूबे के मुख्यमंत्री से की थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चंदौली के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र मोहन गर्ग ने एक स्पेशल जांच टीम बनाई थी। इस टीम ने मौके पर जाकर नगर पंचायत के सभी विकास कार्यों और दफ्तर के कागजातों की बारीकी से जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की थी।

दफ्तर पहुंचकर दिया संतुष्टि पत्र
शुक्रवार को जब शंकर प्रसाद जायसवाल नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, तो उन्होंने अधिकारियों से जांच के नतीजों की पूरी जानकारी ली। जांच के निस्तारण से खुश होकर उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना या किसी को परेशान करना नहीं था। वे सिर्फ इतना चाहते थे कि जनता के पैसे से होने वाले काम मजबूत और अच्छे हों। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशाषी अधिकारी (ईओ) को लिखित में एक संतुष्टि पत्र भी सौंपा, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

बहू को दिया आशीर्वाद और मिली बड़ी जिम्मेदारी
इस खास मौके पर एक पारिवारिक और राजनीतिक तालमेल भी देखने को मिला। शंकर प्रसाद जायसवाल ने अपनी बहू और सैयदराजा नगर पंचायत की वर्तमान अध्यक्ष आभा जायसवाल को आशीर्वाद दिया। उन्होंने बहू को सलाह दी कि जनता ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और सारे काम पूरी ईमानदारी से होने चाहिए। इसके तुरंत बाद, वर्तमान अध्यक्ष आभा जायसवाल ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने ससुर शंकर प्रसाद जायसवाल को अपना आधिकारिक प्रतिनिधि घोषित कर दिया।

अब चार गुना तेजी से होगा विकास
चेयरमैन आभा जायसवाल ने कहा कि अब नगर पंचायत के सभी विकास कार्यों की देखरेख पूर्व अध्यक्ष शंकर प्रसाद जायसवाल के अनुभवों के आधार पर की जाएगी। इससे शहर के विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी और सैयदराजा की एक खूबसूरत तस्वीर जनता के सामने निखर कर आएगी। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि इस आपसी समझौते और विवाद के खत्म होने से अब नगर पंचायत में रुके हुए विकास कार्यों को और ज्यादा मजबूती तथा चार गुना रफ्तार मिल सकेगी।