सकलडीहा के बढ़वलडीह में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, प्रशासन व पुलिस ने संभाला मोर्चा, नई मूर्ति लगवाने का दिया भरोसा

 

चंदौली के सकलडीहा इलाके में अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया है।

 
 

सकलडीहा के बढ़वलडीह गांव में तोड़ी गई प्रतिमा

घटना के बाद ग्रामीणों और समर्थकों में भारी आक्रोश

नायब तहसीलदार और पुलिस फोर्स ने संभाला मोर्चा

ग्रामीणों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने में जुटी

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टिकरवा पर के बढ़वलडीह गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों और बाबा साहेब के समर्थकों को हुई, उनमें भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रशासन ने ग्रामीणों को शांत कराया, नई मूर्ति का भरोसा दिया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल सक्रिय हो गई। नायब तहसीलदार समेत कई थानों की पुलिस फोर्स ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि क्षतिग्रस्त मूर्ति के स्थान पर जल्द ही दूसरी नई मूर्ति स्थापित करवाई जाएगी, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी
इस मामले को लेकर इलाके में किसी भी प्रकार के तनाव को रोकने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और इसके आधार पर अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है।