बलुआ इलाके में चोरों का बड़ा तांडव: तीन घरों से उड़ाई लाखों की नकदी और आभूषण, पीड़ित परिवारों में कोहराम

 

चंदौली के बलुआ क्षेत्र में बीती रात शातिर चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।

 
 

बलुआ क्षेत्र में तीन घरों में भीषण चोरी

अमरीश मिश्रा के घर से जेवर-बर्तन चोरी

बेटी की शादी के गहने ले गए चोर

अस्पताल में भर्ती बेटे का बंद घर खंगाला

पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूर वारदात

चंदौली जिले के बलुआ क्षेत्र में बीती रात शातिर चोरों ने जमकर तांडव मचाया। चोरों ने चकिया बिहारी मिश्र गांव और पड़ोसी गांव पट्टी को निशाना बनाते हुए तीन अलग-अलग घरों से नगदी और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब इस घटना की जानकारी हुई, तो पीड़ित परिवारों सहित पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

छत पर सोता रहा परिवार, नीचे हो गई चोरी
चोरी की पहली वारदात चकिया बिहारी मिश्र गांव के रहने वाले अमरीश मिश्रा के घर हुई। बीती रात अमरीश मिश्रा का पूरा परिवार भीषण गर्मी के कारण घर की छत पर सोया हुआ था। इसी बीच रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर शातिर चोर उनके घर में घुस गए। चोरों ने घर के कमरों को खंगालते हुए तीन सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, मांगटीका और चांदी के कीमती बर्तन बटोर लिए और आराम से फरार हो गए।

बेटी की शादी के लिए रखे गहने गायब
चोरी की दूसरी और तीसरी वारदात पड़ोसी गांव पट्टी में रहने वाले दो सगे भाइयों के घर पर हुई। इनमें से एक भाई शैलेंद्र चौबे ने आगामी दिसंबर महीने में होने वाली अपनी बेटी की शादी के लिए गहने बनवाकर रखे थे। चोरों ने उनके घर से 500 ग्राम चांदी की करधनी, 10 ग्राम सोने की सिकड़ी, 2 सोने की अंगूठी, 1.5 ग्राम का लॉकेट, 3 ग्राम का झुमका, 6 जोड़ी मीना, 50 हजार रुपये नगद और 4 तोला सोने के अन्य गहने चुरा लिए। शैलेंद्र चौबे के मुताबिक उनका लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

अस्पताल में भर्ती बेटे का बंद घर भी खंगाला
इसी क्रम में चोरों ने शैलेंद्र के भाई रामअवध चौबे के बंद पड़े घर का ताला भी चटका दिया। दरअसल, रामअवध चौबे का बेटा सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसका इलाज वाराणसी के एक अस्पताल में चल रहा है और पूरा परिवार वहीं था। चोरों ने इस सूने घर से एक मंगलसूत्र, पायल, सोने की जूती, दो अंगूठियां, चांदी के बर्तन और करीब चार लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली।

पुलिस चौकी के पास वारदात से नाराजगी
इस घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। पीड़ितों का आरोप है कि घटनास्थल से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी है, इसके बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। इस संबंध में थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहराई से छानबीन कराई जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।