बलुआ क्षेत्र में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात चक नौदर गांव के दो घरों से लाखों के जेवर और नकदी पार
चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित चक नौदर गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर करीब एक लाख नकदी समेत लाखों के जेवर उड़ा लिए।
चक नौदर गांव में दो घरों में बड़ी चोरी
महिलाओं के कमरों के दरवाजे बाहर से किए बंद
गुलाब और अजय प्रजापति के घरों को खंगाला
करीब 99 हजार नकद और लाखों के जेवर गायब
एक सप्ताह में दर्जनों चोरियों से दहशत में ग्रामीण
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है। हालात यह हैं कि महज एक सप्ताह के भीतर इलाके में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवालों के बीच चोरों ने बीती रात चक नौदर गांव में एक साथ दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
महिलाओं के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर खंगाले घर
चोरों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले घरों में सो रही महिलाओं के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई जाग भी जाए तो बाहर निकलकर शोर न मचा सके। इसके बाद चोरों ने बड़े आराम से दोनों घरों को खंगाला और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो दरवाजे बाहर से बंद मिले। काफी मशक्कत के बाद जब दरवाजे खुले और अंदर सामान बिखरा देखा, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गुलाब प्रजापति और अजय प्रजापति के घर से लाखों का माल गायब
जानकारी के अनुसार, चोरों ने गांव के गुलाब प्रजापति के घर से 64 हजार रुपये नकद, दो सोने के मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, झुमके, तीन चांदी की पायल और पांच छोटी-बड़ी सोने की नथिया समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वहीं, दूसरे घर में अजय प्रजापति के यहां से 35 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, एक लॉकेट, एक जोड़ी बाली, दो जोड़ी झुमके, तीन चांदी की करधनी, दो पैंजनी, दो जोड़ी पायल, दो छाड़ा और दो कनकी सहित अन्य आभूषण पार कर दिए।
ग्रामीणों में भारी दहशत, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एक ही रात में दो घरों में हुई इस बड़ी चोरी से चक नौदर गांव में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों में इस कदर डर बैठ गया है कि लोग रातभर जागकर अपने घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते चोरियों पर लगाम नहीं लगी, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। मोहरगंज चौकी प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।