Balua Hadsa: मिट्टी का टीला ढहने से महिला की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल, निषाद बस्ती में मचा कोहराम, BHU ट्रामा सेंटर रेफर

 

बलुआ थाना क्षेत्र के निषाद बस्ती में मिट्टी का टीला ढहने से दो महिलाएं दबीं, 54 साल की तेतरा देवी की मौत, लक्ष्मीना देवी गंभीर घायल, BHU ट्रामा सेंटर रेफर, गांव में मातम।

 
 

मिट्टी का टीला ढहने से हादसा

महिला की मौत दूसरी गंभीर

बलुआ निषाद बस्ती में हादसा

घर की सफाई को खोद रहीं मिट्टी

BHU ट्रामा सेंटर रेफर

चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ कस्बा स्थित निषाद बस्ती में मंगलवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर की साफ-सफाई के लिए मिट्टी खोद रही दो महिलाएं अचानक मिट्टी का टीला ढहने से उसके नीचे दब गईं। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

घर की लिपाई के लिए खोद रही थीं मिट्टी

जानकारी के अनुसार बलुआ कस्बा स्थित निषाद बस्ती निवासी तेतरा देवी (54) पत्नी छोटन निषाद और लक्ष्मीना देवी (36) पत्नी स्वर्गीय भोनू निषाद अपने घर के पास गंगा किनारे बंजर जमीन में मिट्टी की खुदाई कर रही थीं। घर की साफ-सफाई और लिपाई के लिए उन्हें मिट्टी की जरूरत थी। दोनों महिलाएं सुबह से ही मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा टीला भरभराकर दोनों महिलाओं के ऊपर गिर गया। मिट्टी के नीचे दबने के बाद दोनों महिलाओं ने चीख-पुकार शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, एक को मृत घोषित किया

महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने तेतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीना देवी को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि हादसे में लक्ष्मीना देवी के एक पैर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। लक्ष्मीना के पति भोनू निषाद की करीब आठ माह पहले मौत हो चुकी है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति की मौत के बाद वह बच्चों के साथ जैसे-तैसे गुजर-बसर कर रही थीं, अब इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतका के तीन बेटे, एक बेटी

वहीं मृतका तेतरा देवी के तीन पुत्र नीरज, धीरज और रवि तथा एक पुत्री सोनी निषाद हैं। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है।

पुलिस ने किया निरीक्षण, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना अध्यक्ष संतोष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय लेखपाल सतीश सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करनी चाही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। अचानक हुए हादसे से पूरे निषाद बस्ती में मातम पसरा हुआ है।