बलुआ थाना क्षेत्र की घटना: 3 दिनों से लापता प्रिंस का शव गांव के पास कुएं में मिला, परिजनों में मचा कोहराम

​​​​​​​

चंदौली के प्रभु पुर गांव में 19 जनवरी से लापता 19 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह कुएं में उतराता मिला। घर से विवाद के बाद युवक लापता हुआ था, जिसकी मौत से गांव में मातम है।

 
 

प्रभु पुर गांव के कुएं में मिला शव

19 जनवरी से लापता था युवक प्रिंस

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घर में विवाद के बाद हुआ था लापता

चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रभु पुर गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक पुराने कुएं में ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही 19 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था।

विवाद के बाद घर से हुआ था लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभु पुर निवासी प्रिंस (19 वर्ष) पुत्र उमा शंकर खैरवार का गत 19 जनवरी को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी से नाराज होकर प्रिंस घर से निकल गया। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने 20 जनवरी को बलुआ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

कुएं में मिला शव और पुलिस की कार्रवाई
गुरुवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण गांव के बाहर से गुजर रहे थे, तो उन्हें कुएं के भीतर एक शव दिखाई दिया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। प्रिंस का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शव की स्थिति को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मृत्यु कुएं में गिरने से दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी थी।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलुआ थाना अध्यक्ष अतुल प्रजापति ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक शराब पीने का आदी था और घर से झगड़ा करके निकला था।

पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य साजिश, सभी पहलुओं से जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।