महिला पर फब्तियां कसने वाला शोहदा बलुआ पुलिस के हत्थे चढ़ा

थाना बलुआ पुलिस ने महिला पर अश्लील गाना गाने और फब्तियां कसने वाले आरोपी मोनू पुत्र रामसुधार, निवासी ग्राम कोड़रिया, थाना चंदौली, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया।
 

महिला पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार

राह चलती महिला पर अश्लील गाना गा रहा था आरोपी

आरोपी मोनू पर बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा दर्ज

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा को लेकर की जा रही कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बलुआ पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो राह चलती महिला पर अश्लील गाना गाकर फब्तियां कस रहा था। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

गुरुवार 09 अक्टूबर 2025 को थाना बलुआ पुलिस ने महिला पर अश्लील गाना गाने और फब्तियां कसने वाले आरोपी मोनू पुत्र रामसुधार, निवासी ग्राम कोड़रिया, थाना चंदौली, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना बलुआ पर मुक़दमा अपराध संख्या 257/2025 धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, महिला हेड कांस्टेबल कौशिल्या देवी और महिला कांस्टेबल शालिनी चौधरी शामिल रहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे मनचलों और शोहदों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि जिले में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जा सके।