Chandauli Encounter: चंदौली में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़, गोली लगने से दरोगा और शातिर लुटेरा घायल
बलुआ पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
लूट के आरोपियों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़
जवाबी फायरिंग में बदमाश अनुपम उर्फ गोलू घायल
मुठभेड़ के दौरान दरोगा जमीलउद्दीन को लगी गोली
बदमाश आकाश को पुलिस ने लिया हिरासत में
चंदौली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ बलुआ थाना पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच तड़के मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ मोबाइल और नकदी लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी बदमाशों के साथ हुई। पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी बदमाशों से उनका सामना हो गया। इस घटना के जरिए एचडीएफसी बैंक के सामने 3 जून को हुयी लूट की घटना का पर्दाफाश हो गया है।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए उसके मौके पर मौजूद दूसरे साथी आकाश को भी अपनी हिरासत में ले लिया है।
बदमाशों की फायरिंग का पुलिस ने दिया करारा जवाब
पुलिस टीम ने जब संदेहास्पद मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, तो लुटेरों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर सीधे फायर झोंक दिया। पुलिस की तरफ से की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से धानापुर के अटौली गांव का रहने वाला 22 वर्षीय शातिर बदमाश अनुपम पांडे उर्फ गोलू घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरोगा के हाथ में लगी गोली, दूसरा आरोपी गिरफ्तार
इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से चलाई गई गोली बलुआ थाने के एक जांबाज दरोगा जमीलउद्दीन के हाथ में भी जा लगी, जिसके बाद उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से भाग रहे दूसरे साथी बदमाश को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के महुअर गांव निवासी 21 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है।
चहनिया बाजार लूट कांड का हुआ सफल खुलासा
सकलडीहा के क्षेत्र अधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बताया कि गिरफ्तार किए गए इन अभियुक्तों के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इस मुठभेड़ के साथ ही पुलिस ने 3 जून को चहनिया बाजार में युवक से हुई नकदी व मोबाइल लूट की वारदात का सफल खुलासा कर दिया है। एचडीएफसी बैंक के सामने 3 जून को हुयी लूट के मामले में दोनों बदमाश शामिल थे। पुलिस को घटना के बाद इनकी तलाश थी और इसी जांच पड़ताल के दौरान यह मुठभेड़ हो गयी। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी अनुपम पांडेय के खिलाफ चोरी और लूट के चार से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से आपराधिक घटनाओं में प्रयुक्त सामान बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।