बलुआ इलाके में सड़क हादसे में बाइक सवार की दर्दनाक मौत, सुरतापुर पथरा के पास सड़क किनारे मिला शव

 

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में सुरतापुर पथरा देतरा बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जानिए पूरी घटना।

 
 

सुरतापुर पथरा मंदिर पास मिला शव

अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

जेब में मिले आईडी से हुई शिनाख्त

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज

सकलडीहा सीओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित सुरतापुर पथरा देतरा बाबा मंदिर के पास मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय बलुआ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पहचान पत्र से हुई मृतक की शिनाख्त
पुलिस ने जब मौके पर छानबीन की और मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, तो उसकी जेब से पहचान पत्र बरामद हुआ। इसके आधार पर मृतक की पहचान 26 वर्षीय सुनील विश्वकर्मा (पुत्र बुल्लू विश्वकर्मा) के रूप में हुई, जो चंदौली थाने के फुटिया गांव का रहने वाला था। घटनास्थल पर मृतक की डिस्कवर मोटरसाइकिल (नंबर AP 24 AW 1914) भी मिली है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार अज्ञात वाहन द्वारा बाइक में टक्कर मारे जाने का लग रहा है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से जान जाने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी अज्ञात वाहन ने सुनील की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी होगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और सिर व शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, हादसा किस वाहन से हुआ और सुनील रात में कहां से आ रहा था या कहां जा रहा था, इसका स्पष्ट पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दे दी है, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदौली स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना का सच सामने लाने के लिए आसपास और शहीद मार्ग-रमोली मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।