विधायक जी कौन हल कराएगा..बेटाडीह दलित बस्ती को जोड़ने वाली सड़क ज़मीन का विवाद, ग्रामीणों की है गुहार
लगभग 1 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण विवाद में फंसी
स्थानीय दबंग झब्बन सिंह ने जमीन को अपनी बताकर कार्य रोका
गांव में नाराज़गी और रोष फैलने की स्थिति
चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड के बेटाडीह गांव में दलित बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण ज़मीन विवाद के चलते अधर में लटक गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय दबंग झब्बन सिंह ने इस रास्ते को अपनी निजी ज़मीन बताते हुए निर्माण कार्य रोक दिया है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता पिछले 40 वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है। लेकिन अब रोका जा रहा है। स्थानीय नेताओं व अफसरों को पहल करके मामले को हल कराना चाहिए।
ग्राम प्रधान बबलू गौतम ने बताया कि यह सड़क तीन महीने पहले पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई थी, और लगभग 925 मीटर तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन अंतिम 50 मीटर सड़क का निर्माण झब्बन सिंह द्वारा आपत्ति दर्ज कराने के कारण रोक दिया गया है। यह रास्ता दलित समुदाय को गांव के मुख्य मार्ग से जोड़ता है और उनके लिए बेहद आवश्यक है।
स्थानीय निवासी रामदुलार राम और सर्वजीत खरवार का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार ग्राम पंचायत द्वारा मरम्मत कार्य कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार दबंगई के बल पर सड़क निर्माण को जबरन रुकवा दिया गया, जो दलित समुदाय के साथ सीधा भेदभाव और अन्याय है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता दिनेश चौरसिया ने कहा,जहां ज़मीन विवाद हो, वहां विभाग कोई कार्य नहीं करता। जब विवाद समाप्त होगा, तब बची हुई सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। इस घटनाक्रम से गांव में नाराज़गी और रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो अधूरी सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए।