धानापुर में लाखों की चोरी पर भड़के पूर्व विधायक: मनोज सिंह डब्लू पहुंचे बिरना गांव, पुलिस को दी आंदोलन की चेतावनी
धानापुर के बिरना गांव में भानु मौर्य के घर लाखों की चोरी के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने पुलिस की नाकामी पर सवाल उठाते हुए चोरों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। पूरी खबर पढ़ें।
पूर्व विधायक मनोज सिंह पहुंचे बिरना गांव
पीड़ित भानु मौर्य से ली चोरी की जानकारी
1.60 लाख नकदी व गहने हुए चोरी
सीसीटीवी फुटेज में असलहाधारी दिखे चोर
पुलिस के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरना गांव में हुई लाखों रुपये की भीषण चोरी के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पीड़ित परिवार का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने भानु मौर्य के निवास स्थान पर जाकर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वे बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे।
1.60 लाख नकदी और सोने के गहने पार
बता दें कि बुधवार की रात बेखौफ चोरों ने भानु मौर्य के नए बंद पड़े मकान को अपना निशाना बनाया था। मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था और परिवार के लोग रात में पुराने घर में सोने चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी सहित अन्य कीमती जेवरात पार कर दिए। गुरुवार सुबह जब परिजन नए घर पहुंचे, तो सारा सामान बिखरा देखकर दंग रह गए। इसके बाद तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।
असलहे के साथ CCTV कैमरे में कैद हुए चोर
चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध चोर हाथों में खुलेआम असलहा लिए हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक चोरों को पकड़ने में पूरी तरह से नाकाम रही है। धानापुर इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिन पहले ही धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास हनुमान मंदिर से आधा किलो चांदी का मुकुट और नरौली काली मंदिर से 20 किलो का घंटा व चांदी की आंखें चोरी हुई थीं।
पुलिस की ढिलाई से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
महीनों से लगातार हो रही चोरियों का खुलासा न कर पाने की वजह से धानापुर पुलिस की कार्यप्रणाली और सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती की वजह से ही चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे आए दिन बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है और उन्होंने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द गश्त बढ़ाए और इन असलहाधारी चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजे।