धीना के लाल को नम आंखों से विदाई: BSF जवान आनंद कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

 

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां छुट्टी पर घर आए बीएसएफ (BSF) जवान आनंद कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। जवान की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

 
 

घर की सफाई करते समय लगा करंट

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

छत्तीसगढ़ में तैनात थे बीएसएफ जवान आनंद कुमार

गुरैनी गंगा घाट पर मिला राजकीय सम्मान

तीन भाइयों में सबसे छोटे थे आनंद कुमार

 चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करजरा गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को अपने घर की सफाई करने के दौरान करंट की चपेट में आने से सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जांबाज जवान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान राम बचन यादव के तीसरे पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आनंद कुमार अपने घर की साफ-सफाई में जुटे थे। इसी बीच अचानक वह बिजली के चालू तार के संपर्क में आ गए। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धानापुर पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर देश के इस वीर सपूत को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने नम आंखों से जवान को श्रद्धांजलि दी।

गांव में पसरा मातम
महज तीन वर्ष पहले बीएसएफ में भर्ती हुए आनंद कुमार की वर्तमान तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई प्रिंस कुमार और अवनीश कुमार हैं, जबकि पिता राम बचन किसान और मां बिंदु देवी गृहणी हैं। मिलनसार स्वभाव के आनंद के निधन से पूरे करजरा गांव में गहरा शोक व्याप्त है।