बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक में संगठन मजबूती पर दिया गया बल

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि बहुजन समाज पार्टी की आगामी रणनीति बूथ स्तर पर मजबूती, मतदाता सूची की शुद्धता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर आधारित होगी।
 

2027 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का लिया गया संकल्प

बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़ने की बनी रणनीति

पार्टी के नेताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील

चंदौली जिले में धानापुर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी की समीक्षा बैठक रविवार को धानापुर ब्लॉक स्थित अम्बेडकर पार्क में हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल चंदौली के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सत्येंद्र मौर्य ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में मायावती को पांचवीं बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए हर बूथ पर कम से कम पांच युवाओं को जोड़ना होगा।

सत्येंद्र मौर्य ने कहा कि बूथ और सेक्टर कमेटियों का गठन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से होना चाहिए। उन्होंने मायावती सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को बेहतर बताया और वर्तमान योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के वंचित, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करें।

बैठक में मतदाता सूची की समीक्षा पर भी विशेष चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि एक भी मतदाता वोटर लिस्ट से वंचित न रहे। इसी क्रम में बसपा नेता फरीद अली ने सकलडीहा तिराहे से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाए जाने पर नाराजगी जताई और कहा कि बसपा इसका पुरजोर विरोध करेगी।

बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष उमाकांत भारतीय ने की। इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्यारेलाल भारतीय, जफरउद्दीन मकुनी, बाबूलाल बिंद, इंद्रजीत प्रजापति समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला कार्यकर्ताओं में पार्वती देवी, सिला देवी और भागमनी देवी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि बहुजन समाज पार्टी की आगामी रणनीति बूथ स्तर पर मजबूती, मतदाता सूची की शुद्धता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर आधारित होगी। संगठन को मजबूत बनाकर ही 2027 में मायावती को पुनः मुख्यमंत्री बनाया जा सकेगा।