कांशीराम की पुण्यतिथि पर बसपा की तैयारी, 9 अक्टूबर को लखनऊ में होगी बड़ी रैली

शुक्रवार को चंदौली जिले के सकलडीहा में बसपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें रैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
 

9 अक्टूबर को लखनऊ में बसपा की बड़ी रैली

कांशीराम स्मारक स्थल पर जुटेंगे प्रदेशभर के कार्यकर्ता

सकलडीहा में हुई बैठक, तैयारियों की बनी रणनीति

चंदौली जिले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में पार्टी ने 9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर एक बड़ी रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है।

आपको बता दें कि शुक्रवार को चंदौली जिले के सकलडीहा में बसपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें रैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 2027 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रैली की सफलता के लिए बूथ, जोन और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और नेता इस रैली में शामिल होंगे।

बसपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि लोग बसपा के पिछले शासनकाल को याद कर रहे हैं और एक बार फिर पार्टी को सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं।

बैठक में संतोष भारती, सत्येंद्र मौर्या, राकेश राम, गणेश राम, अखिलेश राम, केशव राम, राजनाथ राम समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी तत्परता के साथ रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुट जाएं।