गोशाला में घुसा खतरनाक जंगली जानवर, बछड़े पर हमला कर कान और पूंछ नोची

घटना की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। लोग रात में पशुओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं।
 

तेंदुए के हमले की आशंका से क्षेत्र में दहशत

बछड़े पर दिख रहे कई बड़े घाव

ग्रामीणों ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे के मिश्रान टोला में मंगलवार की रात एक अज्ञात जंगली जानवर ने गोशाला में घुसकर बछड़े पर हमला कर दिया। यह घटना ओमप्रकाश मिश्रा की गोशाला में हुई। बुधवार सुबह जब ग्रामीण गोशाला पहुंचे तो बछड़े की हालत देखकर दंग रह गए।

जानकारी के अनुसार बछड़े के दोनों कान और पूंछ पूरी तरह गायब थी, वहीं शरीर पर कई जगह दांतों के गहरे निशान भी पाए गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पंजों के निशान बड़े जंगली जानवर के प्रतीत हो रहे हैं, जिससे तेंदुए के हमले की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। लोग रात में पशुओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं।

ग्रामीण खजानु तिवारी, दिनेश मिश्रा, राजन तिवारी, संजय मिश्रा और रिंकू मिश्रा समेत कई लोगों ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर जांच करने और जंगली जानवर की पहचान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी घटना घट सकती है।

वन विभाग से मामले पर जल्द संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की अपेक्षा की जा रही है।