कैथी गांव में लो-वोल्टेज की समस्या खत्म, राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने लगवाया 63 KVA का ट्रांसफार्मर
चंदौली के चहनियां क्षेत्र के कैथी गांव को लो-वोल्टेज और बिजली की किल्लत से बड़ी राहत मिली है। राज्यसभा सांसद साधना सिंह के निर्देश पर गांव में पुराना छोटा ट्रांसफार्मर बदलकर नया 63 केबीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है।
कैथी गांव में लो-वोल्टेज की समस्या हुई दूर
25 केबीए की जगह लगा 63 केबीए का ट्रांसफार्मर
अधिवक्ता संदीप रघुवंशी ने लखनऊ में दिया था पत्रक
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने तुरंत लिया कड़ा एक्शन
ग्रामीणों ने सांसद को मिलकर जताया हार्दिक धन्यवाद
चंदौली जिले के चहनियां विकासखंड अंतर्गत आने वाले कैथी गांव के ग्रामीणों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। गांव में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या और बिजली की ट्रिपिंग को देखते हुए आखिरकार नया भारी-भरकम ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। राज्यसभा सांसद साधना सिंह के विशेष प्रयास और त्वरित निर्देश के बाद गांव में पहले से लगे छोटे 25 केबीए (KVA) के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह क्षमता बढ़ाकर 63 केबीए का नया ट्रांसफार्मर रविवार को स्थापित कर दिया गया।
लखनऊ जाकर अधिवक्ता ने सौंपा था पत्रक
दरअसल, कैथी गांव में छोटे ट्रांसफार्मर की वजह से आए दिन बिजली की समस्या खड़ी रहती थी और दर्जनों घरों में पंखे-कूलर तक नहीं चल पाते थे। इस जनसमस्या को देखते हुए पिछले रविवार को कैथी गांव के रहने वाले और सिविल बार एसोसिएशन चंदौली के पूर्व कनिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता संदीप रघुवंशी ने लखनऊ जाकर राज्यसभा सांसद साधना सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने सांसद को गांव की इस बिजली किल्लत से जुड़ा एक मांग पत्र (पत्रक) सौंपकर पूरी समस्या से विस्तार से अवगत कराया था।
सांसद के कड़े निर्देश पर तत्काल हुआ काम
अधिवक्ता संदीप रघुवंशी की बात को राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को तत्काल कैथी गांव में बड़ा यानी 63 केबीए का ट्रांसफार्मर लगाने का कड़ा निर्देश जारी कर दिया। सांसद के आदेश मिलते ही बिजली विभाग हरकत में आया और रविवार को गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम पूरा कर लिया गया।
ग्रामीणों ने जताया सांसद का आभार
नया और बड़ा ट्रांसफार्मर लगने से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से सुधर गई है, जिससे ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे हैं। इस कामयाबी और राहत पर अधिवक्ता संदीप रघुवंशी, नरेंद्र सिंह, विनय सिंह, शैलेंद्र सिंह, विराट सिंह, राहुल सिंह, चंदन और छोटू यादव सहित तमाम ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। सभी ग्रामीणों ने मिलकर इस त्वरित कार्रवाई के लिए राज्यसभा सांसद साधना सिंह को दिल से धन्यवाद ज्ञापित किया है।