खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में नए सत्र की शुरुआत, चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह बोले- पढ़ाई में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

 

चहनियां के खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में नए सत्र के मौके पर शिक्षकों की अहम बैठक हुई। चेयरमैन डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह और प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने का निर्देश दिया।

 
 

खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में बैठक

नया सत्र शुरू, कड़े निर्देश जारी

कमजोर बच्चों पर दें विशेष ध्यान

खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर की तैयारी

लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

चंदौली जिले के चहनियां स्थित प्रसिद्ध मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है। नया सत्र शुरू होते ही मां खंडवारी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने विद्यालय को सुचारू और बेहतरीन तरीके से संचालित करने के लिए कमर कस ली है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने स्कूल के सभी शिक्षकों के साथ एक जरूरी बैठक की।

इस बैठक में शिक्षकों को दोटूक शब्दों में निर्देश दिया गया कि अब बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही काफी नहीं होगा। किताबी शिक्षा के साथ-साथ उनके भीतर अच्छे संस्कारों का पाठ भी पढ़ाना जरूरी है। चेयरमैन डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने साफ कर दिया कि शिक्षा के इस बड़े अभियान में किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त या क्षम्य नहीं किया जाएगा।

कमजोर बच्चों पर रहेगा खास ध्यान, नहीं पड़ेगी ट्यूशन की जरूरत
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह 'कैलाशी' ने शिक्षकों से कहा कि वे केवल क्लास रूम में आकर अपना घंटा (पीरियड) पूरा करने का कोरम न करें। बल्कि हर एक बच्चे के मानसिक स्तर को समझकर काम करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जो बच्चे पढ़ाई में थोड़े कमजोर हैं, उन्हें अलग से समय देकर समझाने की कोशिश करें।

शिक्षकों को इस कदर मेहनत करने की सलाह दी गई कि बच्चों को बाहर किसी अलग से ट्यूशन या कोचिंग जाने की जरूरत ही न पड़े। इस पूरी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए हर क्लास की नियमित मॉनिटरिंग और देखरेख भी की जाएगी। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों को याद दिलाया कि पढ़ाई और अनुशासन के मामले में यह कॉलेज हमेशा से आगे रहा है और इस गरिमा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

खेलकूद में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा नाम
बैठक में केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि खेलकूद को लेकर भी बड़ा फैसला हुआ। कॉलेज के खेल शिक्षकों से कहा गया कि हर साल इस विद्यालय के होनहार बच्चे खेल के मैदान में केवल चंदौली जिले का ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन करते हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को ट्रेंड करने में कोई कमी न छोड़ी जाए।

मैनेजमेंट ने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए जो भी आधुनिक सुविधाएं या सामान चाहिए, विद्यालय प्रशासन उसे तुरंत उपलब्ध कराएगा। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के लिए भी मानसिक रूप से तैयार करने की बात कही गई। इस बैठक का सफल संचालन अशोक सिंह ने किया। मौके पर सचिदानन्द सिंह, विजय सिंह, बाबूलाल यादव, सुशील पाण्डेय, गौरव सिंह, प्रभु नारायण उपाध्याय, कमलेश सिंह, विजय यादव, रितेश सिंह, मंजू सिंह, साधना यादव, प्रेम नारायण तिवारी और आनन्द मिश्रा समेत कई शिक्षक मुख्य रूप से मौजूद रहे।