चहनिया पावर हाउस कार्यालय बना मयखाना, खिड़की पर छलक रहा जाम, वीडियो वायरल होने के बाद JE-SDO नहीं उठा रहे फोन
चहनिया पावर हाउस कार्यालय का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खिड़की पर डिस्पोजल गिलास में शराब दिख रही है। सराय गांव में काली माता मंदिर के पास फ्यूज उड़ने से वोल्टेज की समस्या है। जेई-एसडीओ पर फोन न उठाने का आरोप है।
चहनिया पावर हाउस कार्यालय का शराब वाला वीडियो वायरल
कार्यालय की खिड़की पर डिस्पोजल गिलास में दिखी शराब जैसी सामग्री
सराय गांव काली माता मंदिर के पास खंभे पर फ्यूज उड़ने से वोल्टेज अप-डाउन
ग्रामीणों का आरोप - पावर हाउस का नंबर स्विच ऑफ, जेई काट रहे फोन
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा, विभाग से नहीं मिला जवाब
चंदौली जनपद के चहनिया क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी बीच चहनिया पावर हाउस कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यालय मयखाना बना हुआ है और खिड़की पर गिलास में शराब दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सराय गांव में रविवार रात से वोल्टेज की समस्या
जानकारी के अनुसार सराय गांव में काली माता मंदिर के पास बिजली के खंभे पर फ्यूज उड़ने के कारण रविवार रात से ही विद्युत वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी वोल्टेज बहुत कम हो जाता है तो कभी बहुत ज्यादा, जिससे बल्ब और पंखे भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए चहनिया पावर हाउस, जेई और एसडीओ से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण कई दिनों से इस समस्या से जूझ रहे हैं।
फोन नहीं उठा रहे जेई-एसडीओ
ग्रामीणों के मुताबिक चहनिया पावर हाउस के नंबर पर कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया गया। वहीं, जेई को फोन करने पर घंटी जाने के तुरंत बाद कॉल काट दिए जाने का आरोप है।
एसडीओ से संपर्क करने पर आश्वासन तो मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार वोल्टेज के अप-डाउन होने से घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे टीवी, फ्रिज, कूलर के खराब होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यदि किसी उपभोक्ता के उपकरण खराब होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, यह बड़ा सवाल है।
कार्यालय में दिखा शराब का गिलास
शिकायत लेकर पावर हाउस कार्यालय पहुंचे एक उपभोक्ता ने वहां का कथित नजारा देखकर हैरानी जताई। वायरल वीडियो में कार्यालय के बाहर खिड़की पर डिस्पोजल गिलास में शराब जैसी सामग्री दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार्यालय के अंदर कर्मचारी मौजूद नहीं हैं और बाहर शराब का गिलास रखा हुआ है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में और ज्यादा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब कार्यालय में ही इस तरह का माहौल होगा तो उपभोक्ताओं की समस्या कैसे सुनी जाएगी।
विभाग का पक्ष नहीं आया सामने
मामले को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। जेई और एसडीओ ने फोन नहीं उठाया।
फिलहाल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।