चहनिया में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन, हैदर स्पोर्टिंग क्लब नौदर की टीम बनी विजेता

चहनिया के नौदर गांव में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 14 टीमों ने दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में रसूलपुर की टीम को पछाड़कर हैदर स्पोर्टिंग क्लब नौदर की टीम ने चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

 

युवा लोकमंगल दल ने किया आयोजन

प्रतियोगिता में उतरीं कुल 14 टीमें

नौदर की टीम बनी शानदार विजेता

रसूलपुर की टीम रही उपविजेता

सुरेश सिंह ने किया मैच उद्घाटन

चंदौली जिले के चहनिया क्षेत्र के नौदर गांव स्थित खेल मैदान पर रविवार की रात खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रही। यहाँ युवा लोकमंगल दल सपोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में एक भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डे-नाइट फॉर्मेट में आयोजित इस टूर्नामेंट में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए कोर्ट पर जमकर पसीना बहाया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस पूरी प्रतियोगिता में कुल 14 स्थानीय टीमों ने प्रतिभाग किया।

टूर्नामेंट का आधिकारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि मोहरगंज चौकी इंचार्ज सुरेश सिंह और प्रधान प्रतिनिधि रमेश यादव ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद मैचों का सिलसिला शुरू हुआ। पहला मुकाबला बुद्धपुर और हृदयपुर के बीच दो सेट का खेला गया, जिसमें बुद्धपुर ने 11 के मुकाबले 15 प्वाइंट बनाकर 2-1 से जीत दर्ज की। दूसरा मैच मोहरगंज और रसूलपुर के बीच हुआ, जिसमें रसूलपुर ने बेहद रोमांचक मोड़ पर 21 के मुकाबले 25 प्वाइंट बनाकर जीत हासिल की। तीसरे मैच में रईया ने कड़े मुकाबले में हृदयपुर को 10 के मुकाबले 15 प्वाइंट से मात दी।

हैदर स्पोर्टिंग क्लब नौदर बनी चैंपियन, रसूलपुर को मिला उपविजेता का खिताब
जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ी, रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। सभी 14 टीमों को पीछे छोड़ते हुए अंततः मेजबान हैदर स्पोर्टिंग क्लब नौदर की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि कड़े संघर्ष के बाद रसूलपुर की टीम को उपविजेता (रनर-अप) घोषित किया गया। समापन पर आयोजकों द्वारा विजेता टीम को चमचमाती हुई ट्रॉफी प्रदान की गई।

इस खेल महोत्सव के सफल आयोजन में अरुण कुमार यादव, अम्बिका प्रजापति, देवानंद यादव, सलीम खान, उमेश राय, हारुल, प्रमोद राय, नीलेश यादव, पप्पू यादव, प्रशांत शर्मा और तरुण शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के दौरान रेफरी की जिम्मेदारी प्रमोद मौर्या व रोशन यादव ने संभाली। पूरे टूर्नामेंट का कुशल संचालन सुरेश मौर्या ने किया, जबकि लंकेश त्रिपाठी ने अपनी बेहतरीन कमेंट्री से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।