बलुआ पुलिस से ज्यादा एक्टिव हैं इलाके के चोर, नादी के प्राचीन हनुमान गढ़ी मंदिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी
चंदौली के नादी गांव स्थित प्राचीन हनुमान गढ़ी मंदिर से चोरों ने हनुमान जी का 500 ग्राम चांदी का मुकुट चुरा लिया। पुजारी की सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।
नादी हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी
500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी
पुजारी नंदलाल ने दी पुलिस सूचना
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही बलुआ पुलिस
ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी खबर सामने आई है। थाना क्षेत्र के नादी गांव स्थित प्राचीन हनुमान गढ़ी मंदिर को बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर भगवान हनुमान जी के शीश पर सजा लगभग 500 ग्राम चांदी का मुकुट पार कर दिया। धार्मिक स्थल से भगवान का मुकुट गायब होने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी के उड़े होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के पुजारी नंदलाल पाण्डेय रोजाना की तरह सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। जब उन्होंने मंदिर के गर्भगृह का मुख्य दरवाजा खोला, तो भगवान हनुमान जी के सिर से 500 ग्राम चांदी का मुकुट गायब मिला। मूर्ति पर मुकुट न देखकर पुजारी स्तब्ध रह गए और उन्होंने तुरंत मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस और बलुआ थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस गश्त पर सवाल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में बलुआ पुलिस की ढचर कार्यप्रणाली के प्रति गहरा असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने से बेखौफ चोर अब भगवान के मंदिर को भी निशाना बना रहे हैं। आक्रोशित ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी गए 500 ग्राम चांदी के मुकुट को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और इस वारदात में शामिल चोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।