गंगा में कूदे 33 वर्षीय टिप्पू चौबे का 24 घंटे बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

 

चंदौली के सरसौल पुल से गंगा में कूदे 33 वर्षीय युवक टिप्पू चौबे का शव 24 घंटे बाद स्थानीय मलाहों ने बरामद कर लिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

 
 

सरसौल पुल से गंगा में लगाई छलांग

पट्टी गांव के 33 वर्षीय युवक की मौत

साहसी युवकों ने बचाने की कोशिश की

स्थानीय मलाहों ने 24 घंटे बाद निकाला शव

बलुआ थाना पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। शहीद चंदन राय गंगा पुल (सरसौल पुल) पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक भीषण हादसा हो गया। चहनिया ब्लॉक के पट्टी गांव के रहने वाले रामअवतार चौबे के 33 वर्षीय बेटे टिप्पू चौबे अचानक पुल पर पहुंचे। वह अपनी पीठ पर काले रंग का बैग लादे हुए थे। पुल पर पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी से कुछ कहे सीधे गंगा नदी में छलांग लगा दी।

दो जाबांज युवकों ने बचाने की कोशिश की
जैसे ही युवक नदी में कूदा, पुल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद दो साहसी युवकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत गंगा नदी में छलांग लगा दी, ताकि डूब रहे टिप्पू को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। दोनों युवकों ने पानी के भीतर काफी मशक्कत की, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे उसे बचाने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

प्रशासनिक सुस्ती पर भड़के परिजन, मलाहों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सरकारी गोताखोर मौके पर पहुंचे। हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी गोताखोरों ने महज 30 मिनट तक ही खोजबीन की और फिर तलाश बंद कर दी। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के रवैये पर कड़ा रोष जताया। इसके बाद स्थानीय मलाहों ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी नावों के साथ गंगा की धाराओं के बीच 24 घंटे तक लगातार खोजबीन जारी रखी।

24 घंटे बाद मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार मंगलवार को स्थानीय मलाहों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया। 24 घंटे बाद जैसे ही पानी से शव बाहर आया, घटनास्थल पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक जांच कर रही है।