चंदौली के नदेसर-मारूफपुर में लहराएगा 70 फीट ऊंचा तिरंगा, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर करेंगे लोकार्पण
चंदौली के नदेसर-मारूफपुर स्थित अमर बलिदानी चंदन राय स्मारक पर यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर शनिवार को 70 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण करेंगे। किसी शहीद स्मारक पर स्थापित होने वाला यह प्रदेश का पहला इतना ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज है।
70 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण शनिवार को
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर करेंगे भव्य उद्घाटन
अमर बलिदानी चंदन राय स्मारक पर स्थापित तिरंगा
शहीद स्मारक पर लगने वाला यूपी का पहला 70 फीट ध्वज
उद्घाटन से पूर्व निकाली जाएगी भव्य तिरंगा यात्रा
चंदौली जिले के नदेसर-मारूफपुर स्थित अमर बलिदानी चंदन राय स्मारक स्थल पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर क्षेत्र पंचायत निधि से 70 फीट ऊंचा विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया गया है। इस भव्य तिरंगे का लोकार्पण शनिवार को दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया जाएगा।
यूपी के किसी शहीद स्मारक पर स्थापित पहला 70 फीट ऊंचा ध्वज
कार्यक्रम संयोजक और वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के मानद सदस्य अंबरीश सिंह ‘भोला’ ने बताया कि यह पूरे उत्तर प्रदेश में किसी भी शहीद स्मारक स्थल पर स्थापित होने वाला पहला 70 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शहीदों के सम्मान के लिए किए गए संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक बेहद ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम है।
भव्य तिरंगा यात्रा, बुलडोजर और डीजे संग पहुंचेगा काफिला
लोकार्पण समारोह से ठीक पहले मझीलेपुर गणेश मंदिर से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजे, डीजे, ट्रैक्टर और बुलडोजर के साथ निकलने वाली यह देशभक्ति यात्रा मारूफपुर चौराहा एवं जटाधारी कॉलेज होते हुए अमर बलिदानी चंदन राय स्मारक स्थल पहुंचेगी। वहां पहुँचकर शिलापट्ट का अनावरण और राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता और प्रतिनिधि
कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियाँ की जा रही हैं। तैयारियों के सिलसिले में सत्यप्रकाश राय, दुर्गेश पाण्डेय, अतुल सिंह रघुवंशी, राणा सिंह, हरिश्चन्द्र यादव, तेजबहादुर शर्मा, दीपक सिंह, रामदयाल साहनी, शिवम मिश्रा, मोहित राय, गोविन्द पाण्डेय, रोशन राय, हरिनाथ यादव सहित हिन्दू युवा वाहिनी के तमाम कार्यकर्ता मुस्तैदी से लगे हुए हैं।