धानापुर के बभनीयाव गांव में पोखरे में डूबने से 13 साल की दिव्यांग किशोरी की मौत, नाना के घर आई थी आरजू  

 

चंदौली के धानापुर में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहाँ अपने नाना के घर रह रही 13 वर्षीय दिव्यांग किशोरी की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। पूरी खबर पढ़ें।   

 
 

धानापुर के बभनीयाव गांव का हादसा  
 
पोखरे में डूबने से किशोरी मौत  

 नाना के घर रहती थी आरजू   

एक हाथ-पैर से दिव्यांग थी किशोरी   

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा   

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित बभनीयाव गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार की देर शाम यहां एक पोखरे में डूबने की वजह से 13 साल की किशोरी की जान चली गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह किशोरी को पोखरे से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।   

बिहार की रहने वाली थी आरजू
मृतका की पहचान 13 वर्षीय आरजू के रूप में हुई है, जो दिनेश की बेटी थी। आरजू मूल रूप से बिहार के कैमर-भबुआ जिले की रहने वाली थी और पिछले करीब एक साल से बभनीयाव गांव में अपने नाना रामदुलार के घर पर रह रही थी। बताया जा रहा है कि आरजू एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग थी।   

हादसे के कारणों की गुत्थी उलझी
बुधवार की देर शाम किसी तरह आरजू पोखरे के पास पहुंच गई, जहां अचानक पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, वह पोखरे तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में पानी में गिरी, इसका सटीक कारण अभी सामने नहीं आ पाया है।   

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।