धानापुर के नौली गांव में विवाहिता ने की आत्महत्या, लोहे के पाइप से लटकी मिली 3 बच्चों के मां की लाश

 

 चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौली गांव में बुधवार सुबह एक 27 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

 
 

नौली गांव में विवाहिता ने लगाई फांसी


मृतका सरोज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


तीन बच्चों की मां थी मृतका


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा


धानापुर पुलिस मामले की जांच में जुटी

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 27 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया।  इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना धानापुर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

मृतका की पहचान 
 मृतका की पहचान 27 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है।  जानकारी के अनुसार, सरोज की शादी वर्ष 2002 में नौली गांव निवासी जमुना हरिजन के साथ हुई थी।  मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी हाई स्कूल की छात्रा है और दूसरी बेटी कक्षा 7 में पढ़ाई करती है।  बताया जा रहा है कि सरोज ने घर के करकट में लगे लोहे के पाइप के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

धानापुर पुलिस ने शुरू की जांच 
घटना की सूचना पाकर धानापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।  पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।  इस संबंध में धानापुर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सेन ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

 पुलिस ने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से पुलिस को अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।