शराब की दुकान पर लूट और मारपीट, प्रधानाचार्य सहित 3 पर केस दर्ज
महुंजी पुलिस चौकी इलाके में देसी शराब की दुकान पर सनसनीखेज लूट
70 हजार की लूट के बाद फरार हुए आरोपी
प्रधानाचार्य सहित तीन नामजद
मारपीट का CCTV फुटेज हो गया था वायरल
चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के अवही में 7 नवंबर की देर शाम देसी शराब की दुकान पर मारपीट और लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्कॉर्पियो वाहन से आए तीन लोगों ने दुकान के सेल्समैन लाल बहादुर सिंह के साथ पहले मारपीट की और फिर उससे जबरन 70 हजार रुपये छीन लिए। बदमाशों ने सेल्समैन को अपने साथ ले जाने का प्रयास भी किया, जिसका विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी
यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा गया कि आरोपी एक स्कॉर्पियो वाहन से आए थे, जिस पर भाजपा का स्टीकर लगा था। यह वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सन्नाटा पसर गया। पीड़ित लाल बहादुर सिंह ने अगले दिन धीना थाने पहुंचकर तीनों आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
प्रधानाचार्य सहित तीन पर गंभीर धाराओं में केस
धीना थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में डबरिया स्थित ग्रामीण महिला विद्यापीठ कन्या जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह उर्फ सोपडू, लक्ष्मण प्रधान और दिलीप सिंह शामिल हैं। पुलिस इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वे अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।