पहले दिन ही DM शैलेष कुमार ने खेत में जाकर परखी धान की पैदावार, बसारिकपुर गांव में हुई धान की क्रॉप कटिंग

 

चंदौली के डीएम शैलेष कुमार ने सकलडीहा के बसारिकपुर गांव में धान की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया और किसानों से बिचौलियों के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने की अपील की।

 
 

सकलडीहा के बसारिकपुर गांव पहुंचे डीएम शैलेष कुमार

खेत में कराई गई धान की क्रॉप कटिंग

57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई उत्पादकता

सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने की अपील

फसल बीमा मुआवजे के लिए अहम हैं आंकड़े

चंदौली जिले के नवागत जिलाधिकारी  शैलेष कुमार ने मंगलवार को सकलडीहा तहसील क्षेत्र के बसारिकपुर गांव पहुंचकर धान की फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया और क्षेत्र में धान की उत्पादकता का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में मौजूद किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। जिलाधिकारी ने किसानों से स्पष्ट अपील की कि वे अपनी मेहनत की उपज को कम दामों पर बिचौलियों के हाथों बेचने के बजाय सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।

क्रॉप कटिंग में 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई धान की उत्पादकता

निरीक्षण के दौरान किसान विजय लाल यादव (गाटा संख्या-34) के खेत में 43.33 वर्ग मीटर (10x10x10 मीटर) के समबाहु त्रिभुज क्षेत्र में धान की कटाई कराई गई। फसल की मड़ाई और तौल करने पर 28.700 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। वहीं, किसान बुद्धू प्रसाद यादव (गाटा संख्या-3) के खेत में भी इसी समान माप पर क्रॉप कटिंग कराई गई, जहां तौल के दौरान 21.520 किलोग्राम धान निकला। इन दोनों खेतों के आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में कुल 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर धान की उत्पादकता का अनुमान लगाया गया है।

फसल बीमा का मुआवजा दिलाने में अहम होते हैं ये आंकड़े, कई अधिकारी रहे मौजूद

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने पर किसानों को फसल क्षतिपूर्ति का सही मुआवजा और भुगतान दिलाने में क्रॉप कटिंग के ये आंकड़े बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा सिंह, तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर चंद्रगुप्त सागर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश तथा लेखपाल अमृता कुमारी मौर्या, रामबली प्रसाद और साधना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।