आंधी से गिरे पोल अब तक नहीं हुए ठीक, अंधेरे में ग्रामीण और किसान; हादसे को दावत दे रहे जमीन पर गिरे तार।
चंदौली के एवती और भैंसा गांव में बिजली संकट से हाहाकार मचा है। आंधी में गिरे पोल न ठीक होने से गेहूं क्रय केंद्रों पर डिजिटल मशीनें बंद हैं, जिससे किसानों की फसल खरीद प्रभावित हो रही है। विभागीय चुप्पी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
एवती सहकारी समिति पर 10 दिनों से बिजली गुल
डिजिटल मशीनें बंद होने से गेहूं खरीद प्रभावित
भैंसा गांव में महीनों से जमीन पर पड़े बिजली तार
बाईपास कनेक्शन के जरिए बिजली जलाने को मजबूर ग्रामीण
विद्युत विभाग से गिरे हुए पोल ठीक करने की मांग
चंदौली जनपद अंतर्गत सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों के लिए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली गले की हड्डी बन गई है। क्षेत्र के एवती और भैंसा गांव में पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण न केवल जनजीवन प्रभावित है, बल्कि सरकारी गेहूं खरीद का काम भी अधर में लटक गया है।
एवती केंद्र पर गेहूं खरीद में आ रही बाधा
एवती गांव स्थित बहुउद्देशीय सहकारी समिति पर पिछले 10 दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, जिसे विभाग ने अब तक दुरुस्त नहीं किया है। बिजली न होने के कारण गेहूं क्रय केंद्र पर लगी डिजिटल और ऑनलाइन मशीनें शोपीस बनकर रह गई हैं।
समिति के सचिव रबिंदर शर्मा और किसान सुनील यादव, सत्येन्द्र सत्या, गुड्डू सिंह ने बताया कि मशीनों को चार्ज करने के लिए अन्य जगहों पर ले जाना पड़ता है, जिससे ऑनलाइन प्रक्रिया में देरी हो रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग कान में तेल डालकर बैठा है।
भैंसा गांव में जमीन पर पड़े तार दे रहे हादसे को न्योता
दूसरी ओर, बरहनी विकासखंड के भैंसा गांव की स्थिति और भी भयावह है। यहाँ महीनों से बिजली का पोल गिरा हुआ है और हाईटेंशन तार जमीन पर पड़े हुए हैं। ग्रामीण विपिन राय ने बताया कि तार जमीन पर होने के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मजबूरी में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बाईपास तारों के जरिए बिजली जलाने को विवश हैं। यहाँ भी विभागीय अधिकारियों की उदासीनता ग्रामीणों के सब्र का इम्तिहान ले रही है।
किसानों और ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
विद्युत आपूर्ति न होने से नाराज प्रदीप यादव, अवधेश यादव और मुकेश सहित दर्जनों ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गिरे हुए पोल और तारों को ठीक कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि गेहूं खरीद के सीजन को देखते हुए तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि अन्नदाताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।