चंदौली के मिर्जापुर में खूनी संघर्ष, तालाब विवाद में ग्राम प्रधान समेत कई घायल, पुलिस कर रही जांच
धानापुर थाना इलाके में दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट
ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष भी घायल
छठ घाट को लेकर विवाद की आशंका
प्रधान और ग्रामीण भिड़े तो खूब हुयी लाठी-डंडों से मारपीट
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले, जिसमें ग्राम प्रधान और प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह समेत कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गांव के ब्रह्म बाबा तालाब पर हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक पक्ष से देवेंद्र प्रताप सिंह (28 वर्ष) और दूसरे पक्ष से अरुण सिंह व मयंक सिंह शामिल हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलग-अलग लगाए गए आरोप
विवाद के कारण पर दोनों पक्ष अलग-अलग दावे कर रहे हैं। एक पक्ष का आरोप है कि नाव चलाने के पैसे को लेकर विवाद शुरू हुआ। वहीं, दूसरे पक्ष की महिला नीलू सिंह ने आरोप लगाया है कि हर साल की तरह इस बार भी छठ पर्व के लिए घाटों पर बेदी (पूजा के लिए चबूतरा) बनाई जा रही थी, जिसे प्रधान पक्ष के लोगों ने रोक दिया और मारपीट शुरू कर दी।
बहरहाल, दोनों पक्षों की ओर से धानापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अब मामले की तहकीकात कर रही है, लेकिन इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।