मनोज सिंह की चेतावनी का असर: नगवा पंप कैनाल में फटी होज़ पाइप बदली गई, किसानों को देर शाम से मिलने लगा पानी
पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' की चेतावनी के बाद नगवा पंप कैनाल की फटी होज़ पाइप बदलकर पानी का संचालन चालू कर दिया गया है। पूर्व विधायक ने कैनाल का निरीक्षण कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए।
नगवा पंप कैनाल में बदला गया पाइप
पूर्व विधायक मनोज सिंह ने किया निरीक्षण
चेतावनी के बाद देर शाम चालू हुआ कैनाल
धान रोपाई के समय किसानों को राहत
टेल तक पानी न मिलने पर आंदोलन चेतावनी
चंदौली जिले के धीना क्षेत्र स्थित नगवा पंप कैनाल में पानी की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्याओं को देखते हुए रविवार को सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह 'डब्लू' ने लघु नहर (लघुडाल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी सिंचाई संबंधी परेशानियां सुनीं और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कैनाल चलाकर टेल तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया।
चेतावनी का असर: पुरानी पाइप बदलकर शुरू हुआ पानी
पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' ने बताया कि उनकी चेतावनी के बाद विभाग हरकत में आया। शनिवार देर शाम बलुआ लघुडाल से पुरानी होज़ पाइप लाकर कैनाल की फटी हुई पाइप को बदला गया, जिसके बाद पानी का संचालन फिर से शुरू हो सका। मौके पर मौजूद किसान रामा यादव ने भी पुष्टि की कि पाइप बदले जाने के बाद शनिवार शाम से ही कैनाल में पानी छोड़ दिया गया है।
धान की रोपाई के समय पानी का संकट चिंताजनक
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि धान की रोपाई का समय चल रहा है और किसान पानी के अभाव से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि नगवा पंप कैनाल क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा की तरह है। इसे पूरी क्षमता से नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए ताकि अंतिम छोर (टेल) तक के सभी किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।
टेल तक पानी नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन
पूर्व विधायक ने सरकार और सिंचाई विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में पंप कैनालों की होज़ पाइप तक समय पर नहीं बदली जा रही है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसानों को पानी न मिलने की शिकायत मिली या कैनाल पूरी क्षमता से नहीं चलाया गया, तो वह किसानों के साथ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।