बिहार के बाद अब UP में न्यायिक सेवा देंगे आशुतोष सिंह, ADJ बनने से परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर
चंदौली के रामगढ़ चहनियां निवासी आशुतोष कुमार सिंह का उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में अपर जिला जज (ADJ) के पद पर चयन हुआ है। बिहार में सेवाएं देने के बाद अब वे अपने गृह राज्य में न्यायिक कार्य संभालेंगे।
आशुतोष सिंह बने उत्तर प्रदेश में अपर जिला जज
चंदौली जिले का नाम किया रोशन
बिहार न्यायिक सेवा के बाद यूपी में चयन
ग्रामीणों ने पिता नन्हकू सिंह को दी बधाई
सही और त्वरित न्याय देने का जताया संकल्प
चंदौली जिले के रामगढ़ गांव के निवासी आशुतोष कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में अपर जिला जज (एडीजे) बनाया गया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिचितों का उनके घर बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। आशुतोष के पिता नन्हकू सिंह एडवोकेट हैं, जो बेटे की इस सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।
बिहार न्यायिक सेवा में दे चुके हैं लंबी सेवाएं
आशुतोष कुमार सिंह काफी लंबे समय से न्यायिक क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका शुरुआती चयन बिहार न्यायिक सेवा (पीसीएस जे) में हुआ था। उन्होंने बिहार के पूर्णिया, किशनगंज, आरा, बक्सर और भभुआ जैसे अलग-अलग जिलों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वे मुजफ्फरपुर में अपर जिला जज के पद पर कार्यरत हैं और अब उनका चयन उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा में हुआ है।
पिता और परिजनों ने जताई खुशी
बेटे के चयन पर पिता नन्हकू सिंह एडवोकेट ने कहा कि आशुतोष की इस उपलब्धि से उनका मन बेहद खुश है। बिहार में लंबे समय तक सेवा देने के बाद अब अपने ही राज्य उत्तर प्रदेश में काम करने का अवसर मिलना पूरे परिवार और चंदौली जिले के लिए बड़े ही फक्र की बात है।
त्वरित और सही न्याय देने का संकल्प
अपनी सफलता पर अपर जिला जज आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में काम करते हुए भी हमेशा अपने राज्य यूपी में सेवा देने की इच्छा थी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि वादकारियों को बेवजह अदालत के चक्कर न काटने पड़ें और मामलों की गंभीरता को देखते हुए सही व त्वरित न्याय मिले। खेल शिक्षक व ग्राम प्रधान अजीत सिंह ने भी उनके चयन पर खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।