चंदौली में बिना लाइफ जैकेट के PWD चलवा रहा है सरकारी नावें, पुलिस-प्रशासन भी मूकदर्शक

 

चंदौली के नगवा चौचकपुर गंगा घाट पर बड़ा प्रशासनिक खिलवाड़ सामने आया है। प्लाटून पुल बंद होने के बाद PWD की तरफ से चलाई जा रही सरकारी नावों में यात्रियों को बिना लाइफ जैकेट के सफर कराया जा रहा है।

 
 

नगवा घाट पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी

बिना लाइफ जैकेट चल रहीं नावें

PWD की फ्री नावों में लापरवाही

पुलिस प्रशासन बना मूकदर्शक

जेई ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र में आने वाले नगवा चौचकपुर गंगा घाट पर इन दिनों यात्रियों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। यहाँ सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाकर नावों का संचालन किया जा रहा है। गंगा पार करने वाले मुसाफिरों को बिना लाइफ जैकेट के ही नावों में बैठाकर यात्रा कराई जा रही है। ऐसे में नदी के बीच किसी भी तरह की दुर्घटना होने पर लोगों की जान को सीधा खतरा बना हुआ है।

हादसों से भी सबक नहीं ले रहा प्रशासन
राहत की बात बस इतनी है कि इस घाट पर फिलहाल नावों में क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जा रहा है। लेकिन नदी का सफर होने के बावजूद सुरक्षा के लिए सबसे जरूरी लाइफ जैकेट नावों से पूरी तरह गायब हैं। यह लापरवाही तब देखने को मिल रही है, जब पहले भी गंगा में नाव पलटने के कारण कई बड़े हादसे हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

सरकारी नावों में भी नियमों की अनदेखी
दरअसल, नगवा चौचकपुर गंगा घाट पर लगा प्लाटून पुल इस समय बंद है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की तरफ से जनता की सुविधा के लिए यहाँ निःशुल्क (फ्री) नावों की व्यवस्था की गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि इन सरकारी नावों में भी यात्रियों की सुरक्षा की कोई फिक्र नहीं है और बिना लाइफ जैकेट के ही नाव चलाई जा रही हैं। स्थानीय पुलिस भी इस पूरी मनमानी को देखकर मूकदर्शक बनी बैठी है।

जमीनी हकीकत में दावे साबित हुए फेल
एक तरफ सूबे की सरकार लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए नाव संचालन को लेकर बड़े-बड़े गाइडलाइंस जारी करती है और दावे करती है, वहीं इस घाट की जमीनी हकीकत सरकार के दावों की पोल खोल रही है। आपको बता दें कि इस घाट पर दो दर्जन से ज्यादा ऐसे नाविक हैं जिनकी रोजी-रोटी इसी नौका संचालन पर टिकी हुई है। ऐसे में नियमों का पालन करना हर किसी की जिम्मेदारी है।

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: PWD जेई
इस गंभीर मामले को लेकर जब लोक निर्माण विभाग (PWD) के जेई रामकुमार चौहान से बात की गई, तो उन्होंने सख्त रुख अपनाया। जेई ने साफ तौर पर कहा कि बिना सुरक्षा मानकों के नावों का संचालन करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। नाव में सफर करने वाले सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना बेहद अनिवार्य है। लोगों की जान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जाँच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।