आखिरकार गोली मारकर पकड़ने में कामयाब हुयी चंदौली पुलिस, 40 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती अरेस्ट

चंदौली में दहशत का पर्याय बने शातिर हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहे परिवार पर जानलेवा हमला करने वाले इस अपराधी के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस अब उसे शरण देने वालों पर भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

 

हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती पुलिस मुठभेड़ में घायल

40 आपराधिक मुकदमों वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

कव्वाली से लौट रहे परिवार पर किया था जानलेवा हमला

अपराधी को शरण देने वाले रिश्तेदारों पर दर्ज होगा मुकदमा

मुठभेड़ के दौरान अवैध असलहा और कारतूस बरामद

क्या थी पूरी घटना?
मामले की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 को हुई थी। अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रेवसा निवासी फरमान ने पुलिस को सूचना दी थी कि जब उनका परिवार एक कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहा था, तब कुछ युवकों ने महिलाओं पर छींटाकशी की। विरोध करने पर शातिर अपराधी धर्मेंद्र भारती और उसके साथियों ने परिवार की गाड़ी पर पथराव किया, मारपीट की और जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर झोंक दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

मुठभेड़ के बाद ऐसे हुयी गिरफ्तारी
एसपी चंदौली के निर्देशन में गठित एसओजी और थाना पुलिस की टीमें लगातार वांछितों की तलाश कर रही थीं। 23 अप्रैल की रात्रि को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य अभियुक्त धर्मेंद्र भारती सकलडीहा थाना क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में अपने रिश्तेदारों के यहाँ छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो वहां मौजूद रिश्तेदारों ने पुलिस बल का रास्ता रोकने की कोशिश की और अपराधी को भागने में मदद की।

पुलिस मुठभेड़ के बाद जानकारी देते चंदौली के पुलिस कप्तान आकाश पटेल

घेराबंदी के दौरान जब बदमाश ने खुद को फंसता देखा, तो उसने बरामदगी के बहाने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धर्मेंद्र भारती के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

शरण देने वाले रिश्तेदारों पर भी होगा तगड़ा एक्शन
इस मामले में पुलिस ने एक कड़ा रुख अख्तियार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस बल का विरोध करने वाले और अपराधी को अपने घर में पनाह देने वाले रिश्तेदारों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराधियों की मदद करने वालों को भी कानूनी परिणामों का सामना करना होगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने और अपराधी को संरक्षण देने की धाराओं के तहत इन पर कार्रवाई की जाएगी।

गोली लगने के बाद इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया शातिर अपराधी भोला भारती

ऐसा इस अपराधी का काला चिट्ठा
गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेंद्र भारती पुत्र मुन्ना उर्फ ओमप्रकाश एक आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 40 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में सजा काट चुका है और अलीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वर्चस्व कायम करने और सबक सिखाने के उद्देश्य से उसने पीड़ित परिवार पर गोली चलाई थी।

प्राथमिक उपचार के बाद पूछताछ के लिए ले जाती चंदौली पुलिस की टीम

चंदौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।