चंदौली में मिशन शक्ति को पुलिस दिखा रही ठेंगा! पीड़िता ने भदाहू चौकी इंचार्ज पर लगाया रात में धक्का-मुक्की का आरोप, SP से गुहार।

 

चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भदाहू चौकी पुलिस पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने बिना महिला कांस्टेबल के रात में उसे और उसके पति को जबरन गाड़ी में बैठाया और अभद्रता की। मामले की शिकायत एसपी से की गई है।

 
 

धानापुर के कवई पहाड़पुर गांव का मामला

भदाहू चौकी इंचार्ज पर महिला से दुर्व्यवहार का आरोप

बिना महिला पुलिसकर्मी रात में घर पहुंची पुलिस

धक्का-मुक्की कर पति-पत्नी को जबरन गाड़ी में बैठाया

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) से की निष्पक्ष जांच की मांग

उत्तर प्रदेश सरकार जहां 'मिशन शक्ति' के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भदाहू चौकी अंतर्गत आने वाले कवई पहाड़पुर गांव की एक पीड़ित महिला ने स्थानीय पुलिस पर नियमों को ताक पर रखकर दुर्व्यवहार करने और रात के अंधेरे में बिना महिला पुलिसकर्मी के जबरन गाड़ी में बैठाने का संगीन आरोप लगाया है।

जमीन विवाद में एकतरफा कार्रवाई और धक्का-मुक्की का आरोप
पीड़ित महिला के अनुसार, उनके परिवार का गांव में ही जमीन को लेकर एक विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि इसी मामले में भदाहू चौकी इंचार्ज ने विपक्षी दल से मिलीभगत कर एकतरफा कार्रवाई की। पीड़िता ने बताया कि रात के समय चौकी इंचार्ज अपने हमराहियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस वक्त टीम में कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। जब महिला और उसके पति ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने खाकी का रोब दिखाते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की की और दोनों को जबरन अपनी गाड़ी में ठूंस लिया। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने उन्हें रात के अंधेरे में एक सुनसान जगह पर ले जाकर छोड़ दिया।

अगले दिन फिर घर पहुंची पुलिस, पति को भेजा जेल
महिला का आरोप यहीं खत्म नहीं होता। उसका कहना है कि अगले दिन सुबह पुलिसकर्मी दोबारा उनके घर आ धमके। इस बार भी बिना किसी महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के, पुलिस ने पति-पत्नी को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और भदाहू चौकी ले गए। पीड़िता का आरोप है कि चौकी पर भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस ने उनके पति को दो दिनों तक अवैध रूप से हिरासत में रखकर प्रताड़ित किया और बाद में एकतरफा कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

एसपी से लगाई न्याय की गुहार
लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़ित महिला ने अब चंदौली के पुलिस अधीक्षक (SP) का दरवाजा खटखटाया है। पीड़िता ने एसपी को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस के आला अधिकारी अपने ही महकमे पर लगे इन गंभीर आरोपों की जांच किस दिशा में ले जाते हैं।