सकलडीहा में बाइक पलटने से पत्नी की मौत, घर लौट रहे दंपत्ति की बाइक पलटी, इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
चंदौली के सकलडीहा में निर्माणाधीन सड़क पर अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से एक दंपत्ति हादसे का शिकार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति का उपचार जारी है।
निर्माणाधीन सड़क पर दर्दनाक हादसा
बाइक पलटने से पत्नी की मौत
पति गंभीर रूप से घायल
सकलडीहा के भोजापुर में घटना
काम से लौटते समय हुआ हादसा
चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। भोजापुर स्थित चंदौली–सैदपुर मार्ग पर बाइक सवार दंपत्ति हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है।
हादसे का विवरण
मृतक की पहचान रीना देवी (40) के रूप में हुई है, जबकि उनके पति राजेश कुमार (42) गंभीर रूप से घायल हैं। राजेश और रीना मूल रूप से बर्थरा खुर्द गांव के निवासी थे और वर्तमान में सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के धरहरा मड़ई गांव में किराए के मकान में रह रहे थे। राजेश अपना क्लिनिक चलाते थे और रीना जनरल स्टोर संचालित करती थीं। शनिवार देर रात वे अपने कामकाज निपटाकर बाइक से बर्थरा खुर्द स्थित अपने घर वापस लौट रहे थे।
निर्माणाधीन सड़क बनी मुसीबत
भोजापुर के पास निर्माणाधीन सड़क पर जैसे ही उनकी बाइक पहुंची, अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और दोनों अचेत हो गए।
अस्पताल में हुई पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका इलाज जारी है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।